दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़

Chandrayaan 3 Landing: ‘मैं मंजिल पर पहुंच गया हूं और भारत भी’, चंद्रयान ने भेजा संदेश; लैंडर से बाहर आया रोवर

चंद्रयान-3 के लैंडर ‘विक्रम’ से रोवर ‘प्रज्ञान’ बाहर निकल आया है। अब चांद की सतह पर करेगा चहलकदमी…!

Chandrayaan 3 on Moon: भारत ने चंद्रयान-3 को दक्षिणी ध्रुव पर उतारने में सफलता हासिल कर अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में एक नई इबारत लिख दी है। चंद्रयान-3 की खासियत है कि यह बिल्कुल स्वदेशी है, जिसे भारत ने अपने दम पर तैयार किया है। यह कामयाबी अंतरिक्ष अभियानों के लिए मील का पत्थर है।
चंद्रयान-3 का लैंडर मॉड्यूल (एलएम) बुधवार की शाम चंद्रमा की सतह पर उतर गया। भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। लैंडर (विक्रम) और रोवर (प्रज्ञान) से युक्त लैंडर मॉड्यूल ने शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र पर सॉफ्ट लैंडिंग की। इसके बाद अब रोवर को लैंडर मॉड्यूल से बाहर निकाला गया है। इसकी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग से बेहद खुश प्रवासी भारतीयों ने न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर भारत की इस सफलता का जोरदार जश्न मनाया। इस मौके पर प्रमुख प्रवासी नेता और जयपुर फुट यूएसए के वॉलंटियर प्रेम भंडारी ने कहा कि यह सिर्फ भारत के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व के लिए गर्व की बात है।

विश्व भर के नेताओं ने चंद्रयान-3 की सफलता पर पीएम मोदी को दी बधाई!
जोहानिसबर्ग में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान रात्रि भोज में बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना सहित विश्व के कई नेताओं ने चंद्रयान-3 की सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। वहीं, पीएम मोदी ने चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर शुभकामनाओं के लिए विश्व नेताओं का आभार व्यक्त किया।

असीमित संभावनाओं पर भी नजरें गड़ाए है भारत
चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि राजदूत रुचिरा कंबोज ने कहा कि भारत न सिर्फ चांद पर कदम रखा है, बल्कि आगे की असीमित संभावनाओं पर भी अपनी नजरें गड़ाए हुए है।
कंबोज ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि महत्वपूर्ण बात यह है कि भारत अपने वैज्ञानिकों के समर्पण और प्रतिभा से चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंच गया है, जहां आज तक दुनिया का कोई भी देश नहीं पहुंच सका है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल चंद्रमा पर भारत की उपस्थिति का प्रतीक है, बल्कि 1.4 अरब भारतीयों की आकांक्षाओं का भी प्रतीक है। साथ ही यह मानवता के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है क्योंकि हम चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास अज्ञात क्षेत्र में प्रवेश कर रहे हैं।

अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी ने भारत और इसरो को दी बधाई
भारत में अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी ने चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर सफलतापूर्वक उतरने पर भारत, इसरो और इस मिशन में शामिल की पूरी टीम को बधाई दी। एरिक गार्सेटी ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर ट्वीट किया, इस तरह भारत ने चांद पर कदम रख दिया है। चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर भारत, इसरो और पूरी टीम को बधाई! मैं अमेरिका-भारत अंतरिक्ष सहयोग के लिए आगे रोमांचक अवसर देख सकता हूं।
वहीं, अमेरिका के वॉशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास में काउंसलर (अंतरिक्ष) क्रुणाल जोशी चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग के बाद भावुक हो गए। उन्होंने कहा, मुझे यकीन है कि चंद्रयान-3 भारत के नेतृत्व में अंतरिक्ष के शांतिपूर्ण और टिकाऊ अन्वेषण की दिशा में आगे बढ़ेगा।

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग को पिचाई ने बताया अविश्वसनीय पल!
गूगल के CEO सुंदर पिचाई ने चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर इसरो को बधाई दी। उन्होंने कहा, यह वाकई अविश्वसनीय लमहा है। चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन इसरो को बधाई। चांद के दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र में सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला भारत दुनिया का पहला देश बन गया।

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने दी बधाई
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने चंद्रयान -3 मिशन की सफल लैंडिंग पर भारत को बधाई दी। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई संदेश भेजा। रूस की सरकार के मुताबिक, पुतिन ने कहा कि भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन की सफल लैंडिंग के अवसर पर मेरी हार्दिक बधाई स्वीकार करें। चंद्रयान-3 चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास है। यह अंतरिक्ष अन्वेषण में एक बड़ा कदम है और निश्चित रूप से विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत द्वारा की गई प्रभावशाली प्रगति का प्रमाण है। कृपया इस उपलब्धियों के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के नेतृत्व और कर्मचारियों को मेरी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दें।

लंदन में भारतीय उच्चायोग ने चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग का मनाया जश्न!
लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग ने बुधवार को इसरो के चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग का जश्न मनाया। उच्चायोग में लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाए। वहीं, भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त एलेक्स एलिस ने भी चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर भारत को बधाई दी। एलिस ने एक्स पर लिखा- दुनिया के लिए भारत के लिए बड़ा लमहा…बधाई हो।

चंद्रयान ने चुना फ्लैट एरिया
चंद्रयान-3 मिशन के लैंडर ‘विक्रम’ ने चंद्रमा की सतह पर उतरने के लिए अपेक्षाकृत एक समतल क्षेत्र को चुना। इसरो ने बताया कि लैंडर विक्रम के कैमरे से ली गई तस्वीरों से यह पता चला है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने कहा कि विक्रम के सफलतापूर्वक चंद्रमा पर पहुंचने के तुरंत बाद ‘लैंडिंग इमेजर कैमरा’ ने ये तस्वीरें कैद कीं। तस्वीरें चंद्रयान-3 के लैंडिंग स्थल का एक हिस्सा दिखाती हैं। उसने कहा कि लैंडर का एक पैर और उसके साथ की परछाई भी दिखायी दी।

लैंडिंग के दौरान मन पर क्या बीती, बता पाना मुश्किल: ISRO चीफ
ISRO चीफ एस सोमनाथ ने चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के पलों को याद करते हुए कहा कि उस दौरान मन पर क्या बीती, इसका वर्णन करना बहुत कठिन है। यह खुशी हो सकती है, यह उपलब्धि का सार हो सकता है और योगदान देने वाले सभी लोगों को धन्यवाद देना हो सकता है।

चंद्रयान-3 मिशन के लिए सोनिया गांधी ने लिखा पत्र
सोनिया गांधी ने सोमनाथ को लिखे पत्र में कहा- ‘मैं आपको अवगत कराना चाहती हूं कि बीती शाम इसरो द्वारा हासिल की शानदार उपलब्धि से मैं बहुत प्रसन्न हुई। यह सभी भारतवासियों, खासकर युवाओं के लिए गर्व और उत्साह का विषय है। उन्होंने कहा, बीते कई दशकों से इसरो की शानदार क्षमताओं का निर्माण हुआ है। इसके पास हमेशा बेहतरीन नेतृत्वकर्ता रहे और सामूहिक प्रयास की भावना रही, जिसने इसे (इसरो) हमेशा आगे बढ़ाया। सोनिया गांधी के अनुसार, इसरो 1960 के दशक से आत्मनिर्भरता के आधार पर आगे बढ़ा जिसका इसकी सफलता में बड़ा योगदान रहा। आगे उन्होंने कहा कि इस मौके पर वह इसरो के प्रत्येक सदस्य को बधाई देती हूँ।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने इसरो प्रमुख को दी बधाई
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने चंद्रयान-3 की सफलतापूर्वक लैंडिंग पर इसरो प्रमुख एस सोमनाथ को बधाई दी।

ब्रिक्स सम्मलेन में पीएम मोदी ने चंद्रयान-3 पर बधाइयों के लिए कहा शुक्रिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चंद्रयान-3 मिशन को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 ने कल चांद के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडिंग की। यह सिर्फ भारत के लिए ही नहीं, पूरी दुनिया के वैज्ञानिक समुदाय के लिए उपलब्धि है। पीएम ने कहा कि भारत ने जहां टारगेट किया था, हमने वहीं लैंडिंग की। एक कठिन सतह पर हमने सफलतापूर्व लैंडर को लैंड कराया। यह भारत के वैज्ञानिकों के लिए बड़ी उपलब्धि है। हमें पूरी दुनिया की तरफ से जो बधाई के संदेश मिले हैं। मैं उसके लिए अपने वैज्ञानिकों और देशवासियों की तरफ से आपका शुक्रिया अदा करता हूं।