महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

महाराष्ट्र: दिवाली के लिए स्कूलों में अब 5 की बजाय 14 दिनों की छुट्टी

मुंबई: प्रदेश में स्कूलों के विद्यार्थियों और शिक्षकों को दीपावली की छुट्टी अब 5 दिन की बजाय 14 दिनों की मिलेगी। राज्य के स्कूलों को 7 से 20 नवंबर तक दिवाली की छुट्टी रहेगी। शुक्रवार को राज्य के स्कूली शिक्षा विभाग की ओर से दिवाली की छुट्टी की घोषणा के संबंध में परिपत्र जारी किया गया। स्कूलों को कम छुट्टी दिए जाने को लेकर विधान परिषद के शिक्षक विधायकों और भाजपा शिक्षक आघाड़ी ने नाराजगी जताई थी। इस लिए राज्य सरकार को फैसला बदलकर दिवाली की छुट्टी की अवधि को बढ़ाने का निर्णय लेना पड़ा है।

शिक्षक संगठनों की नाराजगी के बाद सरकार ने बदला फैसला
परिपत्र के अनुसार स्कूलों में 7 से 20 नवंबर तक छुट्टी रहेगी। छुट्टी के दौरान विद्यार्थियों के ऑनलाइन अध्यापन का कामकाज बंद रहेगा। स्कूली शिक्षा विभाग ने 5 नवंबर को परिपत्र जारी कर 12 से 16 नवंबर के बीच दिवाली अवकाश की घोषणा की थी। इससे पहले शिक्षक विधायक कपिल पाटील ने राज्य के स्कूली शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड से मुलाकात कर छुट्टी की अवधि बढ़ाने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि स्कूलों को हर साल दिवाली में 18 दिनों की छुट्टी दी जाती है। इसलिए इस साल भी इतनी छुट्टी दी जानी चाहिए। वहीं भाजपा शिक्षक आघाड़ी मुंबई के अध्यक्ष अनिल बोरनारे ने स्कूलों को दिवाली की 21 दिन की छुट्टी देने की मांग की थी।