ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहर

मुंबई: ग्राहकों को ड्रग्स बेचने वाले को मारने पिस्तौल लेकर पहुंची महिला गिरफ्तार!

मुंबई: अपने ग्राहकों को ड्रग्स बेचने वाले की हत्या के लिए पिस्तौल लेकर पहुंची एक 34 वर्षीय महिला को पुलिस की अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को कुर्ला इलाके में फिनिक्स मॉल के पास से दबोचा। दूसरों की नजर में आने से बचने के लिए महिला ने बुर्का पहन रखा था। आरोपी महिला के पास से पिस्तौल के साथ तीन कारतूस भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार महिला का नाम सीमा खान है। पूछताछ के दौरान महिला ने दावा किया कि तौफीक नाम के शख्स ने उसे पिस्तौल अपने एक दोस्त को देने को कहा था। इस पिस्तौल के जरिए नशे के कारोबार में शामिल बाबा रहीम नाम के शख्स को रास्ते से हटाने की साजिश थी।

दरअसल, बाबा रहीम और आरोपी एक ही इलाके में नशे की सप्लाई करते हैं इसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसीलिए आरोपियों ने उसे रास्ते हटाने की साजिश रची थी। सीनियर इंस्पेक्टर मनीष श्रीधनकर ने बताया कि मामले में महिला को पिस्तौल देने वाले उसके साथी की तलाश की जा रही है। मामले में आर्म्स एक्ट और आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।

24 किलो गांजे के साथ दो गिरफ्तार!
मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने साढ़े 24 किलो गांजे की खेप के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद नशे की खेप की कीमत करीब 5 लाख रुपए है। आरोपियों को धारावी इलाके में स्थित पीएमजीपी कॉलोनी के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम संजय शिंदे और बबलू शिंदे हैं। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस कानून के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी बरामद गांजे की खेप कहां से लाए थे इसकी जांच की जा रही है।