ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

महाराष्ट्र: मास्क न लगाने वालों के साथ सख्ती बरतेगी सरकार, जारी हुआ परिपत्र

मुंबई: कोरोना संक्रमण के नियंत्रण के लिए प्रदेश में नागरिकों द्वारा मास्क का उपयोग नहीं करने पर राज्य सरकार ने नाराजगी जताई है। प्रदेश में मास्क का उपयोग नहीं करने वाले नागरिकों पर अब नियमों के अनुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने शहरी इलाकों में नगर निकायों को नागरिकों में मास्क के उपयोग करने के बारे में जागरूकता पैदा करने को कहा है। सोमवार को सरकार के नगर विकास विभाग ने इस संबंध में परिपत्र जारी किया है। इसके अनुसार नागरिकों को बिना मास्क पहने घर से बाहर न निकलने के बारे में जागरुक करने के लिए महानगरपालिका, नगर परिषद और नगर पंचायतों को विशेष अभियान चलाना होगा। मास्क के इस्तेमाल के बारे में व्यापक प्रचार और प्रसार करना होगा। शहर में विभिन्न इलाकों और खुली जगहों पर बैनर लगाना होगा। इस अभियान को सफल बनाने के लिए आयुक्त और मुख्याधिकारी को विशेष रूप से ध्यान देना होगा। अभियान में सभी नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए नवाचार प्रयोग करना होगा। मास्क नहीं, प्रवेश नहीं के बारे में विशेष अभियान चलाने को कहा गया है।
सरकार का कहना है कि लॉकडाउन को शिथिल करने के बाद नागरिक उद्योग-धंधा, व्यापार और व्यवसाय के लिए बड़े पैमाने पर घर से बाहर निकल रहे हैं। विशेष रूप से शहरी इलाकों में नागरिक घर से निकलते समय मास्क अथवा प्रतिबंधात्मक उपाय करते समय नजर नहीं आते। इसलिए कोविड नियंत्रण के लिए की जाने वाली उपाय योजना प्रभावी साबित नहीं हो पा रही है।