ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

महाराष्ट्र में अब तक हजार से अधिक पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित, 7 की जा चुकी है जान

मुंबई: कोरोना वायरस का कहर देश में सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में बरपा है। यहां पर अब तक 20 हजार से ज्यादा संक्रमित सामने आ चुके हैं और कोरोना से 779 मरीज अपनी जान गंवा चुके हैं। 3,800 लोग बीमारी को मात देकर अपने घर जा चुके हैं। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस केसों में तेजी से वृद्धि के बीच महामारी को फैलने से रोकने में जुटे हजार से अधिक पुलिसकर्मी भी संक्रमित पाए जा चुके हैं। महामारी के बीच अग्रिम पंक्ति में काम कर रहे महाराष्ट्र पुलिस के 1007 कर्मी कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 7 पुलिसकर्मियों की मौत हो चुकी है। 1007 केसों में 901 कांस्टेबल हैं जबकि अन्य 106 ऑफिसर हैं। 887 का अभी इलाज चल रहा है और 113 ठीक हो चुके हैं। जिससे खाकीधारियों की मुसीबत बढ़ गई है।
मुंबई पुलिस के विनोबा भावे नगर थाना में तैनात सहायक पुलिस उप निरीक्षक सुनील दत्तात्रेय कलगुटकर की कोरोना से रविवार को जान चली गई। इसके साथ राज्य में अब तक सात पुलिसकर्मियों ने ड्यूटी के दौरान जान गंवा दी है। अकेले मुंबई शहर में रविवार सुबह तक कोरोना संक्रमण से 27 लोगों की मौत हुई इसके साथ ही शहर में मृतकों का आंकड़ा 489 हो गया है। आर्थिक राजधानी में मरीजों की संख्या 12,864 तक पहुंच गई है।
महाराष्ट्र पुलिस का दावा है कि उसने लॉकडाउन का सख्ती से पालन करवाया। एक लाख से ज्यादा लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए। पुलिस ने ऐसे मामलों में 19,297 लोगों को गिरफ्तार भी किया है। शनिवार शाम तक महाराष्ट्र में धारा-188 के तहत कुल एक लाख दो हजार मामले दर्ज किए गए थे।
रविवार शाम तक मुंबई में 379 पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित पाए गए और यहां 4 कांस्टेबल की जान चली गई है। मुंबई पुलिस में कोरोना मामलों की बढ़ती संख्या को देखते हुए विभाग ने अपने कर्मचारियों के लिए विशेष कोविड-19 हेल्पलाइन की शुरुआत की है। पुलिसकर्मी इस नंबर पर फोन करके कोविड-19 से संबंधित सभी जानकारी ले सकते हैं। यह भी जान सकते हैं कि किस हॉस्पिटल में बिस्तर उपलब्ध है।

मुंबई पुलिस डिपार्टमेंट ने दो कोविड केयर सेंटर की शुरुआत भी की है जहां विभाग के बिना लक्षण वाले कर्मचारियों का इलाज होगा। इसके अलावा पुलिसकर्मियों की टेस्टिंग और स्क्रीनिंग के लिए तीन सेंटर्स की शुरुआत की है। एहतियात के तौर पर 54 वर्ष से अधिक के पुलिसकर्मियों और स्वास्थ्य संबंधी अन्य दिक्कतों वाले पुलिसकर्मियों को घर पर ही रहने को कहा गया है।
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या सोमवार को 67 हजार के पार चली गई। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक देश में अभी 44,029 एक्टिव केस हैं। 20,916 मरीज ठीक हो चुके हैं तो 2,206 लोगों की कोरोना की वजह से मौत हो चुकी है।