ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

महाराष्ट्र में डरावनी हुई कोरोना की रफ्तार! कहीं Lockdown तो कहीं Night Curfew;

मुंबई: महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते कहर को देखते हुए अब राज्य के औरंगाबाद जिले में भी फुल लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया गया है। यह प्रतिबंध सप्ताह के अंत में यानी शनिवार और रविवार को रहेगा। सरकारी आदेश के बाद आज सुबह से ही जिले में चारों तरफ सन्नाटा पसरा है। सिर्फ जरूरी चीजों की दुकानें खुली हैं।
दरअसल, महाराष्ट्र के कई जिलों में लगातार कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए सरकार ने यह सख्त कदम उठाया है। बता दें कि औरंगाबाद में अब तक 57 हजार 755 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं, जिनमें 5 हजार 569 मामले अब भी सक्रिय हैं।
औरंगाबाद से पहले नागपुर समेत अन्य कई जिलों में कर्फ्यू और लॉकडाउन लगाया गया है। बीड जिले में भी नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। इस दौरान पूरी सख्ती रहेगी।
बता दें कि कल ही अकोला, परभणी जिले में संपूर्ण लॉकडाउन लगाया गया है तो वहीं औरंगाबाद में लॉकडाउन लगाने से पहले महाराष्ट्र के कई जिलों में कर्फ्यू लगाया जा चुका है।
जबकि पुणे में रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू किया गया है। इनके अलावा नागपुर में 15 से 21 मार्च तक लॉकडाउन लगाया जा रहा है।

पालघर में 48 छात्रों और 19 कर्मचारियों को कोरोना
इस बीच पालघर जिले के आश्रम स्कूल से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां पढ़ने वाले 48 छात्र कोरोन पॉजिटिव पाए गए हैं। साथ ही इन्हें खाना खिलाने वाले कर्मचारियों सहित कुल 19 कर्मचारी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। पालघर जिले के जव्हार नगर परिषद में यह स्कूल स्थित है। कोरोना संक्रमण की खबर आने के बाद हॉस्टल का किचन बंद कर दिया गया है।
पालघर से पहले लातूर जिले के एमआईडीसी इलाके में भी एक सीबीएसई रेसिडेंशियल स्कूल के हॉस्टल से 40 छात्रों के कोरोना पॉजिटिव होने की खबर सामने आई। यहां कुल 320 छात्रों, 10 शिक्षकों और 20 कर्मचारियों को क्वारंटाइन किया गया था। लातूर के एक सरकारी छात्रावास में स्थित कोविड सेंटर में इनका उपचार शुरू है।

राज्य में कोरोना की स्थिति
महाराष्ट्र में शुक्रवार को 15 हजार 817 नए केस सामने आए। इस तरह राज्य में अब तक 22 लाख 82 हजार 191 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। एक दिन में 56 लोगों को मौत भी हुई है। वर्तमान में राज्य में मृत्यु दर 2.31% है। लेकिन दूसरी तरफ शुक्रवार को 11 हजार 344 लोग ठीक होकर घर भी जा चुके हैं। राज्य में अब तक ठीक होने वालों की संख्या 21 लाख 17 हजार 744 है। इस तरह रिकवरी रेट 92.79 % है।

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे संकेत दे चुके हैं अगर कोरोना के मामले ऐसे ही बढ़ते रहे तो हमें एक और लॉकडाउन के लिए तैयार रहना होगा। महाराष्ट्र में शुक्रवार को करीब 16 हजार केस दर्ज किए गए। इस साल यानी 2021 में ऐसा पहली बार हुआ है, जब इतने मामले सामने आए हैं।