चुनावी हलचलब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: राज ठाकरे का ऐलान, मनसे लड़ेगी विधानसभा चुनाव

मुंबई, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) राज्य में 21 अक्टूबर को होने जा रहे विधानसभा चुनाव में उतरेगी। पार्टी प्रमुख राज ठाकरे ने सोमवार को यह घोषणा की। पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक के दौरान राज ठाकरे ने कहा, हम विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे भी। सीटों और उम्मीदवारों की घोषणा आने वाले दिनों में की जाएगी। एमएनएस कितनी सीटों पर लड़ेगी, यह खुलासा अभी नहीं किया गया है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि एमएनएस लगभग 125 सीटों पर मुकाबला करने की तैयारी कर रही है। यह बात भी अभी तक साफ नहीं है कि क्या पार्टी किसी के साथ गठबंधन करेगी या अकेले मैदान में उतरेगी। हालांकि, इसे लेकर भी पार्टी नेताओं ने दावा किया है कि वे इतनी सीटें जीतने में कामयाब रहेंगे कि किसी पार्टी को बहुमत न मिलने की स्थिति में वे ‘किंग-मेकर’ की भूमिका निभा पाएंगे।
इससे पहले राज ठाकरे ने इस साल के लोकसभा चुनाव में उस वक्त सभी को चौंका दिया था, जब उनकी पार्टी के चुनाव मैदान में नहीं उतरने के बावजूद, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विरुद्ध माहौल बनाने में जी-जान से जुट गई थी। राज की रैलियों में उच्च तकनीक का इस्तेमाल हुआ था और उनके हिंदी भाषणों के विडियो दूसरे राज्यों में भी भेजे गए थे। राज ने उस दौरान ‘लाव रे विडियो’ (विडियो चला) कार्यक्रम के माध्यम से सरकार के खिलाफ जोर अभियान चलाया था।