ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

महाराष्ट्र सरकार का बड़ा फैसला: वर्सोवा-बांद्रा सी लिंक का नाम, अब होगा ‘वीर सावरकर’…मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक का भी नाम बदला

मुंबई: महाराष्ट्र सरकार ने वर्सोवा-बांद्रा सी लिंक का नाम बदलकर हिंदुत्व विचारक वी. डी. सावरकर के नाम पर और मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक (MTHL) का नाम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखने के प्रस्ताव को बुधवार को मंजूरी दे दी है।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता में संपन्न राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला किया गया। कैबिनेट ने बनने जा रहे वर्सोवा-बांद्रा सी लिंक का नाम सावरकर के नाम पर रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी और एमटीएचएल का नाम बदलकर अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति शिवडी न्हावा शेवा अटल सेतु करने का भी फैसला किया गया।

मुख्यमंत्री ने पिछले महीने कहा था कि वर्सोवा-बांद्रा सी लिंक का नाम सावरकर के नाम पर रखा जाएगा। इस सी लिंक का 17 किलोमीटर तक विस्तार किया जाएगा, जो अंधेरी को बांद्रा-वर्ली सी लिंक से जोड़ेगा। यह तटीय रोड का हिस्सा है। एमटीएचएल मुंबई को नवी मुंबई से जोड़ेगा। इस काम के इस साल दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है।

बता दें कि वर्सोवा-बांद्रा सी लिंक (VBSL) मुंबई में एक निर्माणाधीन पुल है। इसकी लंबाई 17.17 किलोमीटर (10.67 मील) है। यह पुल कोस्टल रोड के हिस्से के रूप में अंधेरी के उपनगर वर्सोवा को बांद्रा में बांद्रा-वर्ली सी लिंक से जोड़ेगा। यह 8 लेन का सी-लिंक है जो वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे और मुंबई उपनगरीय रेलवे की पश्चिमी लाइन पर ट्रैफिक को कम करेगा।
फिलहाल, अभी वर्सोवा से बांद्रा की दूरी तय करने में डेढ़ घंटे से अधिक समय लगता है। इस सी लिंक के बाद वर्सोवा से सिर्फ 30 मिनट में बांद्रा पहुंचा जा सकेगा। बांद्रा-वर्सोवा सी लिंक प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 11 हजार 332 करोड़ है।