उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

UP: भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आज़ाद पर जानलेवा हमला, अज्ञात लोगों ने की फायरिंग, जाँच में जुटी पुलिस

सहारनपुर: बुधवार को देवबंद में युवा दलित नेता और भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर हथियारबंद लोगों ने गोलीबारी की। हमले के दौरान एक गोली आज़ाद के पेट को छूती हुई निकल गई। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के एक अस्पताल में ले जाया गया। इस घटना के बाद चंद्रशेखर आजाद की भी प्रतिक्रिया सामने आई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, सहारनपुर जनपद के देवबंद में अपने एक समर्थक के घर पर ‘तेरहवीं’ में शामिल होने गए 36 वर्षीय चंद्रशेखर आज़ाद की एसयूवी कार पर हथियारबंद अज्ञात लोगों ने फायरिंग की। जब वह लौट रहे थे, तब यह हमला हुआ।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विपिन ताडा ने बताया कि चंद्रशेखर आज़ाद के काफिले पर कुछ कार सवार हथियारबंद लोगों ने गोलीबारी की थी। एक गोली उनके पास से निकल गई। वह ठीक हैं और उन्हें उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वहीँ एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने कहा, कार में सवार हथियारबंद लोगों ने आज़ाद की एसयूवी के दाएं ओर से गोलीबारी शुरू की। इस दौरान एक गोली नेता के पेट से छू कर निकली, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल, उनकी हालत स्थिर है।

पुलिस के मुताबिक, कथित बदमाशों की गाड़ी पर हरियाणा की नंबर प्लेट थी। मांगलिक ने कहा, जनपद की सीमाओं पर नाकाबंदी कर दी गई है और एक बड़ा अभियान चलाकर बदमाशों को तलाशा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सहारनपुर पुलिस ने हमलावरों को पकड़ने के प्रयास में समर्थन मांगने के लिए आसपास के जिलों में अपने समकक्षों से भी संपर्क किया है।

भीम आर्मी के अध्‍यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि मुझे याद नहीं है लेकिन मेरे लोगों ने उनकी पहचान की है। उनकी गाड़ी आगे सहारनपुर की तरफ भागी। हमने यू-टर्न ले लिया। हमारी गाड़ी अकेली ही थी, गाड़ी में कुल 5 लोग थे। हमारे साथी डॉक्टर को भी शायद गोली लगी है।

बता दें कि दलित नेता चंद्रशेखर आज़ाद, साल 2020 में बनी ‘आज़ाद समाज पार्टी’ के प्रमुख हैं। बहरहाल, इस घटना पर समाजवादी पार्टी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा और भाजपा शासन के कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाया।

आजाद पर हमले के बाद सबसे पहले सपा नेता शिवपाल यादव का रिएक्‍शन सामने आया है। उन्‍होंने ट्वीट किया है- ‘प्रदेश में अपराधियों के हौंसले इतने बुलंद हैं कि अराजक तत्व अपने सभी हदों व सरहदों को तोड़ने लगे हैं। यूपी में विपक्ष अब सत्ता व अपराधियों दोनों के निशाने पर है। भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर पर हुआ जानलेवा हमला प्रदेश के खोखले हो चुके कानून-व्यवस्था के लिए एक अलार्म है। जाग जाओ सरकार!’