दिल्लीमहाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

महाराष्ट्र: CM उद्धव की पत्नी पर अवैध भूमि सौदे के आरोप पर संजय राउत बोले- 25 सालों तक सत्ता से दूर रहेगी भाजपा!

मुंबई: मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की पत्नी रश्मि ठाकरे और दिवंगत इंटीरियर डिजाइनर अन्वय नाईक के बीच अवैध भूमि सौदे के आरोपों को शिवसेना नेता संजय राउत ने खारिज किया। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी यह सुनिश्चित करेगी कि भाजपा महाराष्ट्र में 25 साल तक सत्ता से दूर रहे। बता दें कि पिछले दिनों पत्रकार अर्नब गोस्वामी पर अन्वय और उनकी मां को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। बुधवार को सुप्रीम कोर्ट से उन्हें जमानत मिली।
भाजपा नेता किरीट सोमैया ने उद्धव ठाकरे की पत्नी रश्मि के खिलाफ अवैध रूप से जमीन का सौदा करने का आरोप लगाया है। इसे लेकर पत्रकारों से बात करते हुए, राउत ने उनकी आलोचना की और कहा कि ये सभी आरोप एक आरोपित (अर्नब गोस्वामी) को बचाने के लिए लगाए गए हैं। वे भूमि सौदे को अवैध करार दे रहे हैं, लेकिन यह सौदा पूरी तरह से कानूनी है। वे कुछ भी साबित नहीं कर पाएंगे। पार्टी यह सुनिश्चित करेगी कि भाजपा पांच नहीं 25 सालों तक राज्य की सत्ता से दूर रहे।