ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: अस्पताल से भागी कोरोना पॉजिटिव महिला को पुलिस ने हिरासत में लेकर, भेजा कस्तूरबा हॉस्पिटल

मुंबई: कुरार पुलिस स्टेशन क्षेत्र में रहने वाली एक गर्भवती महिला शुक्रवार को एक निजी अस्पताल से गायब हो गई। इससे प्रशासन और मनपा के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस के मुताबिक, महिला कोरोना वायरस से संक्रमित थी। हालांकि बाद में महिला को हिरासत में ले लिया गया।
दरअसल, महिला गर्भवती होने की वजह से एक स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती थी। उसकी कोरोना की जांच भी की गई थी, जिसकी दो दिन पहले पॉजिटिव रिपोर्ट आई थी। कोरोना होने की जानकारी मिलते ही महिला डर गई।
हालांकि, अस्पताल वालों ने महिला को नायर या कस्तूरबा अस्पताल जाने की सलाह देकर शुक्रवार को उसे अपने अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया। मगर, महिला नायर या कस्तूरबा अस्पताल नहीं गई और अपना मोबाइल बंद कर गायब हो गई।
इसकी खबर मनपा स्वास्थ्य विभाग को मिली, जिसने कुरार पुलिस को सूचित किया। कुरार पुलिस महिला की खोजबीन में जुट गई। कड़ी मशक्कत के बाद उसके मोबाइल की लोकेशन मालवणी के राठौड़ी विलेज में होने की बात सामने आई। पुलिस ने महिला को वहां से हिरासत में लेकर उसे कस्तूरबा अस्पताल भेज दिया। महिला के मिलने से कुरार पुलिस और मनपा ने राहत की सांस ली। मनपा अब सीसीटीवी फुटेज की मदद से महिला के पति की तलाश कर रही है, जो पत्नी के कोरोना पॉजिटिव होने की खबर के बाद से ही गायब है।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में कोरोना वायरस मरीजों की संख्या लगातार तेजी से बढ़ रही है। मंगलवार को राज्य में संक्रमण के 552 मामले सामने आए और कुल केसों की संख्या 5 हजार के पार चली गई है। यहां अब तक कुल 5218 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। आज 19 लोगों की मौत के साथ मृतकों की संख्या 251 तक पहुंच गई है।