पालघरब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर चलती कार में महिला से छेड़खानी; आरोपियों ने दस महीने की बच्ची को फेंका, उसे बचाने महिला भी कूदी!

ठाणे: महाराष्ट्र के पालघर से दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां कुछ लोगों ने चलती कार में महिला के साथ छेड़खानी की है। खुद को बचाने के लिए महिला ने कार से छलांग लगा दी! मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर हुई इस घटना में उसकी 10 महीने की बच्ची की मौत हो गई। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उसकी बच्ची को चलती कार से बाहर फेंका था, जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि महिला खुद बुरी तरह घायल हो गई है।

पीड़ित महिला बार-बार बदल रही बयान: पुलिस
पालघर में मांडवी पुलिस स्टेशन में घटना की शिकायत दर्ज हुई है। पुलिस ने कार ड्राइवर विजय कुशवाहा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है पीड़ित महिला बार-बार अपना बयान बदल रही है। उसने तीन बार बयान बदला है, ऐसे में मामले की गहन जांच करने की आवश्यकता है। वह घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी भी खंगाल रही है। कार का नंबर गुजरात का है और पुलिस ने इसके ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, महिला और उसकी बेटी पेल्हार से वाडा तहसील के पोशेरे में कैब से लौट रही थीं तभी उनके साथ यह घटना घटी।

महिला बोली- आरोपियों को नहीं पहचानती
पीड़ित ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि मेरे पीछे बैठा आदमी बार-बार हाथ लगा रहा था। यहां-वहां छू रहा था। मैंने विरोध किया तो उसने मेरे हाथ से बच्ची को छीनकर बाहर फेंक दिया। उसे बचाने के लिए मैं कूद गई। मुझे पता नहीं किसने उसे बाहर फेंका, कार में पीछे तीन लोग बैठे थे। मुझे पता नहीं वो कौन लोग थे?
बताया जा रहा है कि पालघर में साधन के आभाव के चलते यहां आने-जाने के लिए रोजाना ही लोग इस तरह कार में बैठते हैं। यह महिला भी दूसरी महिलाओं के साथ कार में बैठी थी। बाद में वे महिलाएं रास्ते में ही उतर गईं। जब यह घटना हुई, तब महिला कार में अकेली थी।