उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्यसामाजिक खबरें

मुंबई: उत्तर भारतीय संघ भवन में बना कैंसर मरीजों व उनके परिजनों का आशियाना! जल्द ही जरूरतमंदों के लिए होगा उपलब्ध

मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी में स्थित देश के सबसे सर्वश्रेष्ठ कैंसर अस्पताल टाटा मेमोरियल में इलाज कराने हर साल करीब 40 हजार मरीज़ दूसरे शहरों, राज्यों से मुंबई आते हैं। इनमें बड़ी संख्या उत्तर भारत के लोगों की होती है। मरीज किसी तरह अस्पताल में भर्ती तो हो जाते हैं पर उनके परिजनों को फुटपाथ पर दिन गुजारने पड़ते हैं।
ऐसे में कैंसर मरीजों व उनके परिजनों को आशियाना देने के लिए ‘उत्तर भारतीय संघ’ के अध्यक्ष व भाजपा विधायक आरएन सिंह की पहल पर बांद्रा पूर्व के ‘उत्तर भारतीय संघ भवन’ में 6 हजार 800 वर्गफिट में 50 बेड का डोरमेट्री और 5 एसी रूम तैयार किया गया है। इसके लिए तीन करोड़ 70 लाख रुपए खर्च हुए हैं। इस डोरमेट्री को ‘नो प्रोफिट, नो लॉस’ यानी ‘न नफा, न नुकसान’ के आधार पर चलाया जाएगा। जिससे गरीब तबके और जरूरतमंद लोगों को इसका फायदा मिल सके। इस प्रस्‍ताव पर संघ के अध्‍यक्ष आरएन सिंह की उपस्थिति में कार्यसमिति की बैठक बुलाई जाएगी और फैसला लिया जाएगा। इससे इलाज़ के लिए आने वाले कैंसर मरीजों और उनके परिजनों एवं तीर्थयात्रियों को काफी राहत मिलेगी।

संघ के अध्यक्ष आरएन सिंह का सपना हुआ पूरा
बांद्रा पूर्व के टीचर्स कॉलोनी स्थित उत्तर भारतीय संघ भवन परिसर में निर्मित इस अतिथि गृह का काम पूरा हो चुका है। शनिवार को ‘उत्तर भारतीय संघ’ के विशेष ट्रस्टी संतोष सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि महानगर में उत्‍तर भारत से चारों धाम तीर्थ यात्रा के दौरान तथा कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों का इलाज कराने आने वालों की असुविधा को देखते हुए उत्‍तर भारतीय संघ, मुंबई के अध्‍यक्ष आरएन सिंह ने एक गेस्‍ट हाऊस के निर्माण का सपना देखा था। यह सपना अब हकीकत का रूप ले चुका है।
उन्होंने बताया कि आगामी मई महीने के पहले देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, पूर्व सीएम व विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ और महाराष्‍ट्र प्रदेश भाजपा अध्‍यक्ष चंद्रकांत पाटिल की मौजूदगी में गेस्‍ट हाऊस का उद्घाटन होगा। इसके बाद यह सुविधा आम लोगों के लिए शुरू हो जाएगी।