ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रशहर और राज्य

मुंबई के प्रसिद्ध ‘लालबाग के राजा’ की दिखी पहली झलक, पूरी करेंगे भक्तों के मन की मुरादें…

मुंबई,(राजेश जायसवाल): मुंबई का सबसे मशहूर गणपति मंडल ‘लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल’ ने सोमवार की शाम ‘लालबाग के राजा’ की पहली झलक भक्तों को दिखा दी है। गणेश चतुर्थी से पहले शहर के सबसे लोकप्रिय ‘लालबाग के राजा’ का फर्स्ट लुक जारी किया गया।
‘लालबाग के राजा’ का पंडाल मुंबई में इस बार अधिक आकर्षण का केंद्र होने जा रहा है क्योंकि अबकी बार बप्पा का दरबार अयोध्या में बनने वाले भव्य राम मंदिर की तरह बनाया गया है। जिसमें 14 फुट ऊँची बप्पा की विशाल प्रतिमा विराजमान है। इन्हें मन्नतों का ‘गणपति’ कहा जाता है।

बता दें कि मुंबई के लालबाग स्थित पुतलाबाई चॉल में चर्चित ‘लालबाग के राजा’ के दर्शन करने के लिए हर दिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां आते हैं। ‘लालबागचा राजा’ की स्थापना वर्ष 1934 में हुई थी। इस साल यह सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल 89 साल पूरे कर रहा है। मंडल ने ‘राजा’ के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पहले की तरह भव्य पंडाल बनाए हैं। इस साल की थीम अयोध्या के राम मंदिर पर रखी गयी है। कला निर्देशक नितिन चंद्रकांत देसाई ने पंडाल को अति सुंदर और खूबसूरत लुक दिया है।

दो तरह की लाइन में लगकर भक्तगण लेते हैं आशीर्वाद
‘राजा’ के दरबार में दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की दो लाइनें लगती हैं। इन दोनों लाइन में से एक होती है ‘नवसाची लाइन’ ये उन श्रद्धालुओं की लाइन होती है जो मंच पर जाकर सीधे गणेश जी के चरण दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
वहीं दूसरी लाइन ‘मुख दर्शनाची’ लाइन होती है। इस लाइन में लगे भक्तों को थोड़ी दूर से ही गणेश जी की एक झलक देखने की अनुमति मिलती है। देश-विदेश में चर्चित लालबाग के राजा के दर्शन के लिए हर साल कई बड़े राजनेता से लेकर सेलिब्रिटी भी यह पंडाल देखने आते हैं। ‘लालबाग के राजा’ सबसे प्रसिद्ध गणेश मंडल में से एक हैं। यहां करीबन 5 किलोमीटर की लंबी कतार लगती है, लालबाग के गणेश मूर्ति का विसर्जन गिरगांव चौपाटी में दसवें दिन किया जाता है। अपने प्रिय ‘राजा’ की विदाई के वक्त मुंबईकरों की आँखों में आँसू भी देखने को मिलता है।

कैसे पहुंचें लालबाग?
सेंट्रल रेलवे से आप करी रोड या चिंचपोकली स्टेशन पर उतर सकते हैं। ‘लालबागचा राजा’ के दरबार में पहुंचने के लिए इन स्टेशनों से आप 10 से 15 मिनट में पहुँच सकते हैं।

व्यापारियों ने की ‘लालबाग के राजा’ की स्थापना
बताया जाता है कि एक जमाने में मुंबई के लालबाग के व्यापारियों का कारोबार घाटे में चलता था। व्यापारी चाहते थे कि लालबाग के एक खुली जगह पर भी बाजार लगे। कहते हैं इसी इच्छा के साथ कुछ व्यापारियों ने ‘लालबाग के राजा’ के पंडाल की स्थापना की थी। लालबाग के राजा की मूर्ति स्थापित हो जाने के बाद व्यापारियों की मनोकामना पूरी होने में वक्त नहीं लगा। इसके बाद से ही यहां ‘लालबाग के राजा’ की स्थापना हर साल की जाने लगी। इसके बाद से ही लालबाग के गणपति का उत्सव साल दर साल और भव्य होता चला आ रहा है।

गौरतलब है कि पिछले दो सालों से देशभर में फैले कोरोना प्रकोप के चलते यह त्यौहार बहुत ही साधारण तरीके से मनाया गया था। पिछले साल कोरोना की वजह से भक्तों को सिर्फ ऑनलाइन ही बाप्पा के दर्शन हो पाए थे। लेकिन अब इस साल कोरोना पाबंदियों के हटने से गणेश चतुर्थी से लेकर पूरे देश में 10 दिनों तक गणेशोत्सव पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाया जाएगा।

लालबागचा राजा के फर्स्ट लुक सामने आते ही गणेश भक्त उनका तालियां बजाकर स्वागत करते नज़र आये। 'गणपति बप्पा मोरया...मंगल मूर्ति मोरया' के उद्घोष से पूरा परिसर गुंजयमान हो उठा!
लालबागचा राजा के फर्स्ट लुक सामने आते ही गणेश भक्त उनका तालियां बजाकर स्वागत करते नज़र आये। ‘गणपति बप्पा मोरया…मंगल मूर्ति मोरया’ के उद्घोष से पूरा परिसर गुंजयमान हो उठा!

कैसी है इस बार की तैयारी?
मंडल ने इस बार वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों के बैठने की भी व्यवस्था की है। साथ ही सभी के लिए 24 घंटे पानी उपलब्ध होगा। इसके अलावा समय-समय पर चाय और बिस्कुट भी दिया जाएगा। यहां सुरक्षा के मद्देनज़र लगभग 250 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा निजी एजेंसी के सुरक्षाकर्मियों को भी लोगों की सुरक्षा के लिए रखा गया है।
आज मुंबई के पुलिस आयुक्त विवेक फणसालकर और ज्‍वॉइंट सीपी (लॉ एंड ऑर्डर) विश्वास नांगरे पाटिल ‘लालबाग के राजा’ के पंडाल में पहुंचे और यहां सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया। इसके पहले भी कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जायजा लेने के लिए के यहाँ आये थे।
विश्वास नांगरे पाटिल ने कहा है कि कोई भी अफवाह पर भरोसा न करें। 80% पुलिस की तैनाती की गई है। इसके अलावा एसआरपीएफ की 18 कंपनियां, क्यूआरटी की 700 टीमें हैं। भारी संख्या में पुलिसबल गणपति उत्सव के लिए पूरी तरह तैयार रहेगा।
ज्‍वॉइंट सीपी पाटिल ने बताया कि मुंबई पुलिस पूरी तरह सतर्क है। जो गणपति का बंदोबस्त रहता है, उसमें खास रूप से भीड़ का नियंत्रण, ट्रैफिक मॉनिटरिंग और खासतौर पर कोई भी प्राकृतिक आपदा से कैसे मुकाबला किया जाये, उसकी पूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गणपति आगमन से लेकर और आखिरी दिन तक रोज का प्लान और कड़ा बंदोबस्त किया जाएगा।
गणपति पंडाल के साथ-साथ मुंबई के प्रसिद्ध श्री सिद्धिविनायक मंदिर के बाहर भी भारी पुलिस बंदोबस्त पूरे गणेश उत्सव के दौरान होगा, जहां पुलिस की निगरानी पूरे गणेश उत्सव में बनी रहेगी। क्‍योंकि गणेश उत्सव के दौरान भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है। मुंबई में इस साल गणेशोत्सव को लेकर भक्तों में काफी उत्साह है। इसलिए मुंबई पुलिस पूरी तरह से तैयार है।

गृहमंत्री अमित शाह करेंगे लालबाग के राजा का दर्शन
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 5 सितम्बर को मुंबई आ रहे हैं। वे यहां लालबाग के राजा का दर्शन करेंगे और सिद्धि विनायक मंदिर भी जायेंगे। खबर है कि उनके साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद रहेंगे। 10 दिवसीय गणेश उत्सव 31 अगस्त से शुरू हो रहा है। गृहमंत्री शाह की यात्रा अक्टूबर में होने वाले बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के महत्वपूर्ण चुनावों से पहले हो रही है।
यह भी बताया जा रहा है कि यदि उनके दौरे में कुछ बदलाव होता हैं, तो शाह एक दिन के लिए अपनी बैठकें आगे बढ़ा देंगे। आधिकारिक दौरे की योजना के बारे में पार्टी के मुख्यालय को सूचित नहीं किया गया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के भी सितंबर के मध्य में मुंबई आने की उम्मीद है और उनका दौरा ज्यादातर बीएमसी चुनावों के लिए पार्टी की प्रचार रणनीति पर केंद्रित होगा।