दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

मुंबई को मिलीं दो वंदे भारत ट्रेन, पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी, मुंबई से सोलापुर और शिर्डी के बीच चलेगी ट्रेनें

मुंबई,(राजेश जायसवाल): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को मुंबई में एक साथ दो वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर देश को समर्पित किया। पीएम मोदी ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSTM) से दो वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर मुंबई से सोलापुर और मुंबई से शिरडी के वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ किया। पहली वंदे भारत ट्रेन मुंबई और सोलापुर के बीच चलेगी और दूसरा मुंबई से साईनगर शिर्डी के बीच चलेगी। पीएम मोदी ने वंदे भारत ट्रेनों का उद्घाटन मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के प्लेटफॉर्म 17 और 18 से किया।

बता दें कि देश की ये 9वीं और दसवीं वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें महाराष्ट्र के तीर्थ स्थलों के सफर को तेज, आरामदायक और सुलभ बनाएगी। महाराष्ट्र को मिले इस डबल सौगात श्रद्धालुओं, कारोबारियों और आम यात्रियों के सफर को एक नया अनुभव कराएगी। इसके अलावा पीएम मोदी के हाथों से दो एलिवेटेड कॉरिडोर का भी उद्घाटन हुआ। इनमें से एक एमटीएनएल जंक्शन से बीकेसी और एलबीएस मार्ग को और दूसरा कुर्ला से वकोला मार्ग में सफर करने वालों को ट्रैफिक की समस्याओं से निजात दिलाएगा।

प्रधानमंत्री ने अपने सम्बोधन की शुरुआत मराठी से की। उन्होंने कहा कि आज का दिन भारतीय रेलवे और मुंबई के कनेक्टिविटी के लिए एक बड़ा दिन है। पीएम मोदी ने कहा कि ये ‘वंदे भारत’ मुंबई और पुणे- इन दो बड़े शहरों को जोड़ेगी। ये दोनों वंदे भारत ट्रेनें महाराष्ट्र में पर्यटन और विकास को बढ़ावा देगी। ये ट्रेनें नासिक के त्र्यंबकेश्वर, शिरडी, पंढरपुर, अक्कलकोट, तुलजापुर जैसे तीर्थस्थानों में जाना सुलभ करेगी।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि एक वक्त था जब लोग केंद्र को चिट्ठी लिखा करते थे कि हमारे यहां ट्रेन को रुकने की इजाजत दी जाए और काम होते-होते होता था। लेकिन आज तेज रफ्तार का समय है। उन्होंने कहा कि देश के 17 राज्य के 108 जिले वंदे भारत से जुड़े हैं। इस बार बजट में 10 लाख करोड़ सिर्फ इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए रखे गए हैं। यह ऐतिहासिक है। इनमें भी सबसे ज्यादा हिस्सा रेलवे का है। महाराष्ट्र को मुंबई रेल विकास के लिए 13 हजार 500 करोड़ का आवंटन किया गया है। यह विकास रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाता है। इससे गरीबों को रोजगार मिलता है, मिडिल क्लास को नए बिजनेस के रास्ते दिखाता है।
पीएम ने कहा कि इस बार के बजट में सैलरी क्लास को और मध्यम वर्ग को इस बार के बजट ने खुश किया है। पहले जो लोग 2 लाख रुपए से ज्यादा कमाते थे उन्हें टैक्स देना पड़ता था। आज सरकार ने 7 लाख तक की कमाई पर टैक्स हटा दिया है। अब लोग अपने पैसे ज्यादा निवेश कर पाएंगे। डबल इंजन की सरकार से महाराष्ट्र में विकास तेजी से हो रहा है।

इस मौके पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विणी वैष्णव, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री नारायण राणे, केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास अठावले  सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

एयरपोर्ट पर अभिनन्दन स्वीकारते हुए पीएम मोदी..