ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: तिरंगे को बचाने के लिए आग लगी GST बिल्डिंग में 9 मंजिल तक चढ़ा कर्मचारी, CM ने किया सम्मानित

मुंबई: सोमवार को मझगांव स्थित जीएसटी भवन में लगी आग के दौरान अपनी जान की परवाह व् करते हुए तिरंगे को बचाने वाले जीएसटी कर्मचारी कुणाल जाधव को बुधवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सम्मानित किया। उद्धव ने कुणाली को गेस्ट हाउस ‘सह्याद्री’ में बुलाया और मंत्रिमंडल की बैठक के बाद शॉल, श्रीफल और शिवाजी महाराज की तस्वीर देकर सम्मानित किया।
बता दें कि सोमवार को जीएसटी भवन के 8वें फ्लोर पर दोपहर करीब 12.30 बजे भीषण आग लग गई थी। आग लगने की जानकारी जैसे ही कर्मचारियों को हुई सभी बाहर की ओर भागने लगे। आग लगने के बाद कुणाल जाधव दमकल कर्मियों के साथ पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को निकलवा रहे थे। इसी दौरान नीचे से उन्होंने बिल्डिंग की छत पर तिरंगा लहराता हुआ देखा। इसके बाद वे अपनी जान की परवाह नहीं करते हुए पूरे 9 फ्लोर को क्रॉस करके छत पर गए और तिरंगे को नीचे उतारा। जाधव जब तक ऊपर पहुंचे आग बढ़ने लगी। इसके बाद उन्होंने तिरंगे को अपने सीने में दबाया और नीचे की ओर भागे।

अशोक चव्हाण ने ट्विटर पर शेयर की जाधव की कहानी
दमकलकर्मियों के मुताबिक, अगर थोड़ी और देर हो जाती तो जाधव छत पर फंस सकते थे और कोई अनहोनी हो सकती थी। जाधव जैसे ही नीचे उतरे जीएसटी कर्मचारियों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। यह मामला मंत्री अशोक चव्हाण तक पहुंचा। चव्हाण ने भी जाधव की बहादुरी को सलाम करते हुए उनकी कहानी अपने ट्विटर पेज पर पोस्ट की। इसके बाद जाधव की बहादुरी का किस्सा सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।