ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: नागपाडा और चेंबूर में इमारतों के हिस्से गिरे, महिला और बच्ची की मौत! कई घायल, अस्पताल में भर्ती

मुंबई: दक्षिण मुंबई के नागपाडा इलाके में एक इमारत का हिस्सा गिरने से एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला और 12 साल की एक बच्ची की मौत हो गई। शुक्लाजी स्ट्रीट में स्थित मिश्रा नाम की तीन मंजिला इमारत का शौचालय से जुड़ा हिस्सा दोपहर करीब एक बजे अचानक गिर गया। मलबे में चार लोग दब गए थे।
जानकारी मिलने के तत्काल बाद पुलिस और दमकल की टीमों ने राहत और बचाव का काम शुरू कर दिया। मलबे से निकालकर 70 साल की नूर कुरैशी और 12 साल की आलिया कुरैशी को इलाज के लिए जेजे अस्पताल ले जाया गया लेकिन बुरी तरह जख्मी होने के चलते दाखिल करने से पहले ही उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। खबर लिखे जाने तक राहत और बचाव का काम जारी था। इसके अलावा महानगर के चेंबूर और देवनार इलाकों में भी इमारत के हिस्से गिरने के मामले सामने आए हैं।

दो अन्य इमारतों के हिस्से भी गिरे
दोनों हादसों में एक-एक महिलाएं जख्मी हुईं है। चेंबूर के महात्मा फुले नगर इलाके में 54 वर्षीय महिला पर घर का हिस्सा गिर गया बुरी तरह जख्मी महिला को राजावाडी अस्पताल में आईसीयू में भर्ती कराया गया है। देवनार के गौतमनगर इलाके में भी एक दो मंजिला इमारत की हिस्सा गिरने से उसकी चपेट में आकर महिला जख्मी हो गई। महिला को इलाज के लिए शताब्दी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।