ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

मुंबई: पत्नी से नाजायज संबंधों के शक में ठेकेदार की चाकू मारकर की हत्या!

बेवफाई से नाराज पति ने 2018 में बीवी को मौत के घाट उतारा…

मुंबई: दक्षिण मुंबई के डोंगरी इलाके में बीएमसी के एक ठेकेदार की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कुछ साल पहले ठेकेदार के पास काम करने वाले एक मजदूर द्वारा ही हत्या की उक्त वारदात को अंजाम दिए जाने का खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि हत्यारोपी हाल ही में जेल से छूटा था। इससे पहले उसे अपनी ही पत्नी के कत्ल के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। अपने मालिक (ठेकेदार) से नाजायज संबंधों के शक में उसने वर्ष 2018 में अपनी बीवी को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया था।
प्राप्त जानकारी अनुसार, ठेकेदार वीरेंद्र (45) (बदला हुआ नाम) के पास आरोपी मजदूर कुछ साल पहले काम करता था। मजदूरी के दौरान उसे शक हो गया था कि उसकी बीवी का ठेकेदार के साथ कुछ चक्कर चल रहा है। अवैध संबंध के शक में पत्नी की बेवफाई से नाराज होकर मजदूर ने उसे मौत के घाट उतार दिया था। उस मामले में गिरफ्तार होने के बाद से वह जेल में ही था। लेकिन वर्षों तक जेल में रहने के बाद भी वह ठेकेदार को भूल नहीं पाया। जेल से छूटने के बाद बदले की ज्वाला दिल लिए वह लगातार ठेकेदार को ढूंढ़ता रहा। कल उसका सामना अचानक ठेकेदार से हो गया, जिसके बाद आरोपी ने ठेकेदार पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची सर जेजे मार्ग पुलिस की टीम ने आरोपी मजदूर को हिरासत में लेकर जख्मी ठेकेदार को अस्पताल पहुंचाया। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।