ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई पुलिस आयुक्त पद की रेस में रश्मि, परमबीर और के. व्यंकटेशम, 29 को संजय बर्वे होंगे सेवा मुक्त

मुंबई: मुंबई पुलिस आयुक्त पद को लेकर एक बार फिर से लामबंदी तेज हो गई है। आयुक्त को लेकर अलग-अलग तर्क-वितर्क होने लगे हैं।
बता दें कि इसी महीने की 29 फरवरी को मुंबई के पुलिस आयुक्त संजय बर्वे सेवा मुक्त होने जा रहे हैं। बर्वे के सेवाकाल को तीन-तीन महीने के लिए दो बार बढ़ाया जा चुका है। फिलहाल अब इस बात को लेकर चर्चा शुरू हो गई है कि उनके सेवामुक्त होने से पहले ही इस कुर्सी पर किसे बिठाया जाएगा। हालांकि मुंबई पुलिस आयुक्त पद की रेस में तीन पुलिस अधिकारियों के नाम सामने आ रहे हैं। इनमें पहले स्थान पर रश्मि शुक्ला, जबकि दूसरे स्थान पर परमबीर सिंह और तीसरे स्थान पर के. व्यंकटेशम के नामों की चर्चा है। यदि रश्मि शुक्ला को मुंबई पुलिस आयुक्त पद की जिम्मेदारी मिलती है तो, वे यहां की पहली महिला पुलिस आयुक्त होंगी। वहीं यह भी माना जा रहा है कि परमबीर सिंह ठाणे के पुलिस आयुक्त रह चुके हैं, इस वजह से उन्हें मुंबई की कमान मिल सकती है। इन तीनों के अलावा सदानंद दाते और हेमंत नागराले भी मुंबई पुलिस आयुक्त की दौड़ में शामिल हैं। रश्मि शुक्ला फिलहाल राज्य गुप्तवार्ता विभाग की आयुक्त हैं। वहीं रेस में दूसरे स्थान पर चल रहे परमबीर सिंह भ्रष्टाचार निरोधी ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक पद पर कार्यरत हैं। इसके रेस में तीसरे स्थान पर के.व्यंकटेशम का नाम चल रहा है, जो पुणे पुलिस आयुक्त के पद पर कार्यरत हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, पिछली बार संजय बर्वे की सेवा को बढ़ाए जाने के बाद मामला शांत हो गया था। अब जबकि बर्वे सेवामुक्त होने वाले हैं तो, एक बार फिर मुंबई पुलिस आयुक्त पद चर्चा में आ गई है। इस पद के लिए अब तीन नामों की चर्चा शुरू हो गई है।
महाराष्ट्र में अलग-अलग पदों पर रहते हुए तीनों ही अधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी से निभाई है। रश्मि शुक्ला पुणे पुलिस आयुक्त के पद पर काम कर चुकी हैं। परमबीर सिंह ने भी ठाणे के पुलिस आयुक्त पद पर रहते हुए काफी अच्छे काम किए हैं। वहीं के. व्यंकेशम भी पुणे आयुक्त के तौर पर अच्छा काम कर रहे हैं। रश्मि शुक्ला, परमबीर सिंह और के. व्यंकटेशम तीनों अधिकारी 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। कहा जा रहा है कि मुंबई पुलिस आयुक्त पद हासिल करने के लिए दिल्ली से लेकर महाराष्ट्र के मंत्री और मुख्यमंत्री से अधिकारियों की मुलाकात लगातार जारी है।