ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: बिना हेलमेट जा रही महिला को ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने रोका तो की मारपीट!

मुंबई: बिना हेल्मेट लगाए दुपहिया वाहन से जा रही एक महिला ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी द्वारा रोके जाने पर पुलिस कांस्टेबल की पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिवसेना नेता संजय राउत ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। राऊत ने ट्वीट किया कि संबंधित महिला के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए क्योंकि यह मुंबई पुलिस के सम्मान का विषय है। उन्होंने इसे महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख को भी टैग किया। अधिकारी ने बताया कि दक्षिण मुंबई के कालबा देवी के कॉटन एक्सचेंज नाका पर शुक्रवार को यातायात पुलिस के कांस्टेबल एकनाथ श्रीरंग पार्टे ने एक दुपहिया वाहन को रोका जिसकी सीट पर एक महिला बिना हेल्मेट लगाए बैठी थी। उन्होंने बताया कि जुर्माने को लेकर बहस छिड़ गयी और महिला कांस्टेबल से कथित रूप से मार-पीट करने लगी। वीडियो में महिला यह दावा करती हुई नजर आ रही है कि कांस्टेबल ने उसके साथ गाली-गलौज की जबकि कांस्टेबल इसका खंडन करते हुए दिख रहा है। जब पार्टे के साथ कथित रूप से मारपीट की जा रही थी, उसी बीच भीड़ वहां जुट गयी और कुछ लोगों ने मोबाइल फोन पर इस घटना की रिकार्डिंग कर ली।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, बाद में महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचीं और फिर आरोपियों सादविका रमाकांत तिवारी (30) एवं उसके साथी मोहसीन निजामउददीन खान (26) को लोकमान्य तिलक मार्ग थाने ले जाया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
इस बीच पुलिस ने एक बयान जारी करके कहा कि पारठे ने गंदी भाषा का इस्तेमाल नहीं किया था और वह बड़ी शालीनता से आरोपियों के साथ पेश आये थे। संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) यशस्वी यादव ने आरोपी महिला द्वारा मारपीट एवं गाली-गलौज किये जाने के बाद भी अपना धैर्य नहीं गंवाने को लेकर कांस्टेबल की प्रशंसा की है।