ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: लड़की ने ठुकराया प्रपोजल तो घर पर Sex Toys भेजने लगा युवक, पोर्न साइट पर डाली पीड़िता की तस्वीर और फोन नंबर! हुआ गिरफ्तार

मुंबई: मालाड साइबर सेल टीम ने विकृत मानसिकता वाले एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जो पड़ोस में रहने वाली एक लड़की को सेक्स टॉय भेज उसे पिछले कई दिनों से परेशान कर रहा था। गिरफ्तार शख्स की पहचान 26 वर्षीय कुनाल अंगोलकर के रूप में हुई है। 21 वर्षीय पीड़िता की शिकायत पर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मालाड पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक धनंजय लिगाड़े ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रेप के प्रयास और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी एक ऑनलाइन वेबसाइट के माध्यम से सेक्स टॉय खरीदकर लड़की के घर लगातार भेज रहा था। इसकी हरकतों से परेशान होकर पीड़िता ने फरवरी 2021 को एक केस दर्ज करवाया था और तकरीबन 8 महीने तक इस मामले की जांच चली और गुरुवार को आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा।

लड़की की तस्वीर और मोबाइल नंबर भी पोर्न साइट पर डाला!
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक ने बताया कि आरोपी लड़की को पसंद करता था, लेकिन पीड़िता ने उसके प्रेम के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने यह हरकत शुरू कर दी थी। पकड़ा न जा सके इसलिए आरोपी भेजने वाले का नाम गलत डालता था। लड़की को परेशान करने के लिए पोर्न साइट पर उसका फोन नंबर, फोटो और मेल आईडी भी डाल दिया था। जिसके वजह से लड़की को अलग-अलग नंबर से कॉल आने लगे थे।

IP एड्रेस बदल कर करता था आर्डर प्लेस
धनंजय लिगाड़े ने आगे बताया कि आरोपी हर बार अपना आईपी एड्रेस बदल कर आर्डर प्लेस करता था। इसके लिए वह वीपीएन (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) का इस्तेमाल करता था। आरोपी हमेशा सेक्स टॉय के लिए कैश ऑन डिलीवरी का आर्डर देता था। धनंजय लिगाड़े ने बताया कि हमने आरोपी को आईपीसी की धारा 354 (अ) और 354 (द) सहित 67 आईटी एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है।

500 से ज्यादा नेटवर्क को किया गया स्कैन
धनंजय लिगाड़े ने बताया कि साइबर सेल ने आरोपी को पकड़ने से पहले करीब 500 से ज्यादा लोगो के उपयोग होने वाले नेटवर्क पर नज़र रखी। इस बीच पुलिस को VPN इस्तेमाल करने वाले कुछ लोगों पर संदेह हुआ और उनपर नज़र रखने के दौरान आरोपी की पहचान हुई। कड़ी मशक्कत के बाद मालाड साइबर एक्सपर्ट विवेक तांबे ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। कस्टडी के लिए उसे आज अदालत में पेश किया जा रहा है।