उत्तर प्रदेशदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़

मुलायम सिंह यादव मेदांता इमरजेंसी में भर्ती, शिवपाल और बहू डिंपल मौजूद

अखिलेश यादव ने मेदांता पहुँचकर जाना नेता जी का हालचाल

लखनऊः देश के पूर्व रक्षा मंत्री व समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की तबीयत बिगड़ने पर बुधवार को लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल मुलायम सिंह यादव की हालत सामान्य है।
इस बात की जानकारी लखनऊ में मेदांता अस्पताल के डायरेक्टर डॉक्टर राकेश कपूर ने दी। मुलायम की तबीयत बिगड़ने के बाद उनसे मिलने उनके भाई और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया (PSPL) के संस्थापक शिवपाल यादव भी पहुंचे। पूर्व सांसद डिम्पल यादव भी मौजूद रहीं।
डॉक्टरों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार नेता जी का स्वास्थ्य बिलकुल ठीक है। आज दोपहर में 1 बजे के आस पास पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मेदांता पहुँचकर नेताजी का हालचाल जाना। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने काफी समय नेताजी के पास रहें।

नेता जी की स्थिति सामान्यः डॉक्टर
मेदांता अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर ने बताया कि मुलायम सिंह यादव को तकरीबन 5 दिनों से पेट में कब्ज की दिक्कत थी। इस वजह से उन्हें बुधवार को भर्ती कराया गया था। एंडोस्कोपी के जरिए उनका उपचार किया गया, जिसके बाद अब उनकी स्थिति सामान्य है। शुक्रवार को उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा सकता है।

पेट की दिक्कतों के चलते कई बार अस्पताल में हुए भर्ती
बता दें कि मुलायम सिंह यादव बढ़ती उम्र की वजह से आने वाली बीमारियों से पीड़ित हैं। इसके साथ ही उन्हें पेट की दिक्कतों के चलते कई बार अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है। काफी दिन तक उनका संजय गांधी पीजीआई अस्पताल में इलाज चलता रहा, कुछ दिनों पहले उन्हे मुंबई भी ले जाया गया था।