ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

सायन अस्पताल में बेड पर रखे शवों के बीच चल रहा था कोरोना मरीजों का इलाज! वीडियो हुआ वायरल…

मुंबई: पूरे देश में लगातार बढ़ रहे कोरोना वायरस के कहर में महाराष्ट्र राज्य संक्रमित मामलों में सबसे ऊपर है। राज्य के सर्वाधिक कोरोना पॉजिटिव मरीज मुंबई में हैं। मुंबई की भयावह स्थिति के बावजूद यहां लापरवाही कम होने का नाम नहीं ले रही है। मुंबई के सायन अस्पताल का एक हैरान करने वाला वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि वॉर्ड में मरीजों के बीच शव रखे गए हैं।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि अस्पताल के वॉर्ड में कई मरीज बेड पर लेटे हैं। मरीजों के बीच में काले प्लास्टिक के बैगों में कोरोना पॉजिटिव मरीजों के शव भी वॉर्ड के बेडों पर रखे हैं। कुछ शवों को कपड़ों से तो कुछ कंबल से ढका गया है। बताया जा रहा है कि वॉर्ड में मरीजों के बीच कई ऐसे शव पड़े थे।

अस्पताल के वॉर्ड में बेड पर काली प्लास्टिक बैग में रखा गया शव !

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लापरवाही को लेकर लोग तीखी प्रतिक्रिया कर रहे हैं। बीजेपी नेता नीतीश राणे ने भी वीडियो ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा- सायन अस्पताल में शवों के साथ मरीज भी सो रहे हैं। यह अति है। यह कैसे प्रशासन है। बहुत ही शर्मनाक बात है। इस मामले में अस्पातल के डीन ने स्वीकार किया है कि यह वीडियो उन्हीं के अस्पताल का है। रिश्तेदार शवों को ले जाने के लिए नहीं आ रहे हैं, इसलिए हमने उन्हें वहां रखा था!

बीजेपी नेता ने उठाए सवाल
डीन के जवाब पर नीतीश राणे ने कहा, इस जवाब के बाद मुंबईवासी बीएमसी से क्या उम्मीद कर सकते हैं? निजी अस्पताल मरीजों को भर्ती नहीं कर रहे हैं और सरकारी अस्पतालों में हालात ऐसे हैं। क्या यह मेडिकल इमरजेंसी है!

राणे ने कहा- पहले तो सायन अस्पताल प्रशासन ने वीडियो को फेक बताया। अब उन्होंने माना कि वीडियो उनके अस्पताल का है तो उनका बयान हैरान कर देने वाला है। अब बीएमसी प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से लोगों का भरोसा उठ गया है। म्युनिसिपल कमिश्नर अगर यह सब रोक नहीं सकते और स्थितियां नियंत्रित नहीं कर सकते तो उन्हें त्यागपत्र दे देना चाहिए।

राणे ने कहा- यह वीडियो एलटीएमजी अस्पताल सायन का है। बुधवार को मेरा एक कार्यकर्ता वहां कुछ काम से गया था। शवों के पास रोगी लेटे हुए दिख रहे हैं। यह तो पराकाष्ठा है।
वीडियो में सायन अस्पताल का कोविड-19 चिकित्सा वार्ड दिख रहा है। वहां करीब आधा दर्जन शव इलाज के लिए भर्ती जीवित रोगियों के समीप के बेड पर पड़े दिखाई से रहे हैं। शवों को काले प्लास्टिक बैगों में बांध दिया गया है। कुछ कपड़े या कंबल से ढंके हुए हैं।
वीडियो सामने आने के बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका की महापौर किशोरी पेडणेकर ने गुरुवार को इस घटना की जांच के आदेश दिया।

बता दें कि देश के मुकाबले महाराष्ट्र में अकेले अब तक 16,758 कोरोना मामले आ चुके हैं और 3,094 लोग डिस्चार्ज हो चुके हैं। 651 लोगों की मौत हुई है।