उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़

यूपी के हंडिया-उतरांव के बीच भीषण सड़क हादसा: बिजली के खंभे से टकराई बेकाबू कार, 6 लोगों की मौत! कई की हालत गंभीर

प्रयागराज: यूपी के प्रयागराज में गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में 4 महिला समेत 5 लोगों की मौत हो गई है। बाद में इलाज के दौरान 12 साल की गोटू उर्फ न्हासा पुत्री रमेश की अस्पताल में सांस थम गई। वहीं पांच लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसा हांडिया टोल प्लाजा के पास हुआ है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दु:ख जताया है। घायलों के समुचित इलाज के लिए निर्देश दिए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, प्रयागराज के हंडिया टोल प्लाजा के पास गुरुवार सुबह एक बेकाबू टवेरा कार बिजली के खंभे जा टकराई, जिसमें 4 महिला और एक बच्ची की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि टवेरा में 10 लोग सवार थे। सभी प्रयागराज से विंध्याचल देवी के दर्शन के लिए जा रहे थे। ये सभी लोग प्रयागराज के शिवगढ़ सोरांव इलाके के रहने वाले थे। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती में कराया है। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर स्थानीय पुलिस के साथ ही करीब साढ़े नौ बजे आईजी रेंज प्रयागराज राकेश सिंह भी पहुंचे। उन्होंने पुलिस से दुर्घटना का ब्यौरा लिया। आइजी घटनास्थल पर पहुंचे तो डीएम संजय कुमार खत्री ने पुलिस अधिकारियों के साथ एसआरएन अस्पताल जाकर घायलों का हाल जाना। प्राचार्य डा. एसपी सिंह से घायलों की जानकारी लेने के साथ ही समुचित इलाज के लिए कहा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के जनसंपर्क अधिकारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि गुरुवार को हंडिया थाना क्षेत्र में सोरांव इलाके से विंध्यांचल जा रहे एक टवेरा कार सवार हंडिया टोल प्लाजा के पास अनियंत्रित होकर खंभे से टकरा गई, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए हैं। गाड़ी में कुल दस लोग सवार थे। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची हंडिया थाना पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा करवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। साथ ही मौके पर मौजूद पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।
इस घटना पर मुख्यमंत्री योगी दु:ख जताया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

हादसे में इनकी गई जान
सराय लाल शिवगढ़ के एक ही परिवार की 4 महिलाओं एवं 1 बच्ची की मौत हो गई है। मृतकों में कृष्णा देवी पत्नी स्व. श्याम लाल, कविता पत्नी स्व. दिनेश, रेखा पत्नी संजय, रेखा पत्नी रमेश और बच्ची कुमारी ओजस शामिल है।

ये हुए घायल
घायलों में उमेश पुत्र स्व. श्यामलाल, प्रिया पत्नी उमेश, गोटू पुत्री रमेश, ऋषभ पुत्र राम सजीवन और टवेरा चालक इरशाद शामिल हैं। सभी निवासी शिवगढ़ के हैं। मृतकों के शवों को प्रयागराज के शवगृह में रखा गया है और घायलों को सीएचसी उपरदहा भेजा गया है।