ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

mira road riot: राम शोभायात्रा पर पत्थर बरसाने वालों के घरों पर चला शिंदे का बुलडोजर, बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती

मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के नक्शेकदम पर चल पड़े हैं। अयोध्या में राम मंदिर उद्घाटन के उपलक्ष्य में मीरा रोड के नया नगर में निकाली गई राम मंदिर शोभायात्रा पर एक समुदाय विशेष के लोगों ने पत्थर बरसा दिए थे। जिसके कारण यहां बड़ा बवाल हो गया था। ऐसे में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे एक्शन मूड में आ गए और गुरूवार से इलाके में बने अवैध निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त करने का सिलसिला जारी है।

शोभा यात्रा पर पथराव के बाद सीएम शिंदे का एक्शन
गौरतलब है कि 22 जनवरी को राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर पूरे देश में उत्साह का माहौल था। सभी राज्यों में रैलियां निकाली जा रही थीं, मंदिरों में विशेष आयोजन किए जा रहे थे। इस दौरान मुंबई के मीरा रोड इलाके में भी श्रीराम शोभा यात्रा निकाली गई थी लेकिन समुदाय विशेष के लोगों ने रैली पर जमकर पत्थरबाजी की। इसमें कई रामभक्त घायल भी हो गए थे। इस घटना पर सीएम एकनाथ शिंदे के आदेश पर बीएमसी द्वारा ये कार्रवाई जा रही है। इसके साथ ही पत्थरबाजी करने वालों के खिलाफ भी जांच की जा रही है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज से कर रही संदिग्धों की पहचान
राम शोभा यात्रा पर मुंबई में पत्थरबाजी करने वालों के पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस ने अब तक 13 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार किया है। वहीँ घरों और दुकानों पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई से पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। जिसे देखते हुए सरकार ने यहाँ बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की है।