उत्तर प्रदेशदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिशहर और राज्य

राहुल और प्रियंका गांधी समेत पांच लोगों को हाथरस जाने की मिली इजाजत, पीड़ित परिवार से करेंगे मुलाकात

नयी दिल्ली: उत्तर प्रदेश के हाथरस में 19 साल की दलित युवती के साथ हुए दुष्कर्म मामले को लेकर सियासी घमासान जारी है। इसी बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज शनिवार को फिर पार्टी सांसदों के एक दल के साथ पीड़िता के परिवार से मिलने हाथरस के लिए दिल्ली से रवाना हुए है। प्रियंका गांधी खुद कार चला रही हैं।
डीएनडी पर आज फिर कांग्रेस नेताओं का काफिला रोकने की पूरी कोशिश की गई, लेकिन फिर राहुल और प्रियंका को पांच लोगों के साथ हाथरस जाने की इजाजत दे दी गई। कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने बताया, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में हाथरस जा रहे हैं। राहुल गांधी मृतक लड़की के परिजनों से मुलाकात करेंगे। जानकारी के मुताबिक 35 सांसदों के प्रतिनिधिमंडल के साथ राहुल और प्रियंका गांधी हाथरस के लिए निकले हैं।

कोई ताकत मुझे रोक नहीं सकती: राहुल
हाथरस के लिए रवाना होने से पहले राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा- दुनिया की कोई भी ताकत मुझे हाथरस के दुखी परिवार से मिलकर उनका दर्द बांटने से नहीं रोक सकती। बता दें कि, दो दिन पहले यानी गुरुवार को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने हाथरस जाने की कोशिश की थी, लेकिन यूपी पुलिस ने रास्ते में ही उन्हें रोक लिया था। काफी हंगामे के बाद पुलिस ने दोनों नेताओं को गिरफ्तार कर वापस दिल्ली भेज दिया था।