दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

‘लालबाग के राजा’ की शरण में पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह, परिवार सहित लिया आशीर्वाद

मुंबई, (राजेश जायसवाल): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार 23 सितंबर को मुंबई पहुंचे। यहां उन्होंने प्रसिद्ध गणपति ‘लालबाग के राजा’ के दर्शन किए। गृहमंत्री ने पत्नी सोनल के साथ पूजा-अर्चना करके भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद लिया।
इस दौरान गृहमंत्री शाह के साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, मंगल प्रभात लोढ़ा, दीपक केसकर, मनोज कोटक, विनोद तावड़े भी मौजूद रहे।

बता दें कि अमित शाह हर साल गणेश उत्सव के दौरान ‘लालबाग के राजा’ के दर्शन करने मुंबई आते हैं। ‘लालबागचा राजा’ के दर्शन करने के बाद शाह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ का दौरा किया और वहां स्थापित गणपति की पूजा की। गृहमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस भी भगवान गणेश का आशीर्वाद लेते नज़र आए।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गृहमंत्री अमित शाह को भगवान गणेश की मूर्ती भेंटकर उनका सत्कार किया!

गृहमंत्री अमित शाह आज दोपहर 2:40 बजे मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से वे सीधे बांद्रा चले गए। गृह मंत्री शाह ने बांद्रा पहुँचकर भाजपा विधायक आशीष शेलार के ‘वांद्रे पश्चिम सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल’ द्वारा विराजमान गणपति का दर्शन किया। इसके बाद वे वर्ली सी लिंक मार्ग से लालबाग पहुंचे थे। गृह मंत्री अमित शाह के मुंबई दौरे पर सुरक्षा के मद्देनजर मुंबई पुलिस ने कड़े इंतजाम किए थे।