ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

लॉकडाउन का पालन करा रही पुलिस टीम पर धारदार हथियार से हमला, 3 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल

मुंबई कोरोना लॉकडाउन: मुंबई में लॉकडाउन का उल्लंघन करने से मना करने पर पेट्रोलिंग टीम के पुलिसकर्मियों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। इसमें 2 एसआरपीएफ (SRPF) के जवान भी शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल तीनों पुलिसकर्मियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुंबई पुलिस के डीसीपी व प्रवक्ता प्रणय अशोक ने बताया कि अंटॉपहिल पुलिस ठाणे के अंतर्गत रेड जोन में आने वाले एरिया कोकरी आगार के गरीब नवाज नगर के पास गुरूवार की रात पेट्रोलिंग कर रहे पुलिसवालों के ऊपर हमला किया गया।
दरअसल, लॉकडाउन में बिना वजह कुछ लोग बाहर बैठकर गप्पे मार रहे थे। इसकी जानकारी पेट्रोलिंग टीम को लगी तो मौके पर पहुंचकर उन लोगों ने सभी को घर के अंदर जाने के लिए कहा। उसमें से एक व्यक्ति बिना मास्क लगाए बैठा था। पुलिस ने इसके बारे में पूछा तो उसके घर वाले भी वहां आ गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें घर में जाने को बोला, इससे उत्तेजित होकर करीब 10 से 15 लोगों ने पुलिस पर ही धावा बोल दिया। इस घटना में 2 कॉन्स्टेबल और एक सब इंस्पेक्टर घायल हो गए हैं।

मुंबई पुलिस प्रवक्ता प्रणय अशोक

हमलावरों में 5 से 7 महिलाएं भी शामिल
इसी दौरान पुलिस और दूसरे पक्ष के बीच काफी कहासुनी शुरू हो गई और इतने में एक शख्स ने पुलिस के ऊपर हमला कर दिया। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो 5 से 7 महिलाएं और 10-12 पुरुषों ने भी धारदार हथियार से पुलिस पर हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों के सिर, हाथ और पीठ पर गंभीर रूप से चोट आई है। गंभीर हालत में घायल जवानों को नजदीकी गैलेक्सी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 307,353,332,324,323,343,344,345,148,150,270,271,188 और महाराष्ट्र कोविड-19 उपाय योजना 2020, कलम 11 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कई आरोपी मौके से फरार हैं जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।