दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

शिवसेना नेता संजय राउत ने की राहुल गांधी से मुलाकात, बोले- कांग्रेस के ब‍िना विपक्ष का मोर्चा संभव नहीं

मुंबई: शिवसेना सांसद व प्रवक्ता संजय राउत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। मुलाकात के बाद संजय राउत ने कहा क‍ि राजनीति पर राहुल गांधी के साथ लंबी चर्चा हुई। एकजुट होकर विपक्ष को किस प्रकार आगे रखना है और अगर विपक्ष का कोई एक फ्रंट बनेगा तो वो कांग्रेस के बिना संभव नहीं है, इस पर भी चर्चा हुई। क्या शिवसेना यूपीए में शामिल होगी के सवाल पर उन्‍होंने कहा क‍ि मैं पहले उद्धव ठाकरे से मिलूंगा और फिर हम इसके बारे में बात करेंगे। राहुल गांधी जल्द ही मुंबई जाएंगे।
गौरतलब है क‍ि पश्चिम बंगाल की CM और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी मुंबई के दौरे पर गईं थी। इस दौरान उन्‍होंने महाराष्ट्र के दो क्षेत्रीय दल शिवसेना के नेता आदित्य ठाकरे व संजय राउत और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की थी। उस दौरान ममता बनर्जी ने कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के अस्तित्व पर ही सवाल उठा दिए थे।
उनका साफ मानना था कि कांग्रेस के नेतृत्व में लड़कर भाजपा को नहीं हराया जा सकता क्योंकि खुद कांग्रेस का नेतृत्व ही भाजपा के खिलाफ गंभीरता से लड़ता दिखाई नहीं दे रहा है। ममता बनर्जी का मानना है कि देश के सभी क्षेत्रीय दल यदि एक साथ आएं तो भाजपा के खिलाफ एक मजबूत मोर्चा तैयार किया जा सकता है। लेकिन इस संभावित मोर्चे का नेतृत्व कौन करेगा, इस सवाल का स्पष्ट जवाब ममता नहीं दे सकीं। वह चाहती हैं कि सभी क्षेत्रीय दल मिलकर सामूहिक लड़ाई भाजपा के खिलाफ लड़ें और जीतने के बाद नेता चुना जाए।