उत्तर प्रदेशदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

शिवसेना नेता संजय राउत बोले- अगले लोकसभा चुनाव में नहीं रहेगा राम मंदिर का मुद्दा

PM मोदी व CM योगी के नेतृत्व में बनेगा अयोध्या में भव्य राम मंदिर

मुंबई/ अयोध्या, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के 16 जून को अपनी पार्टी के 18 सांसदों के साथ अयोध्या आगमन की तैयारी देखने पहुंचे प्रवक्ता संजय राउत ने भाजपा से शिवसेना के रिश्तों के साथ ही राम मंदिर पर बड़ा बयान दिया है। शिवसेना से राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने कहा शिवसेना के भाजपा से रिश्ते पहले भी काफी अच्छे थे और आज भी अच्छे हैं।
रामनगरी अयोध्या में शिवसेना से राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत पर हम लोग 16 जून को रामलला को धन्यवाद देंगे। उन्होंने कहा कि देश में एक बार फिर से मोदी लहर बनाने के लिए रामलला को हम सभी धन्यवाद देंगे। उन्होंने कहा कि देश के 80 प्रतिशत लोग अब तो अयोध्या में राम मंदिर देखना चाहते हैं। इसके साथ ही देश में धारा 370 समान नागरिक संहिता का भी मुद्दा है, लेकिन अयोध्या में राम मंदिर का मुद्दा अहम है। भाजपा से शिवसेना के रिश्तों पर उन्होंने कहा कि भाजपा से रिश्ते पहले भी अच्छे थे अब भी अच्छे हैं। बीच में कुछ मनमुटाव था अब नहीं है।
उन्होंने कहा कि इसी अच्छे रिश्ते से अगर देश का निर्माण होता है और इसके साथ ही अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण होता है तो हम खुश हैं। उन्होंने कहा कि अब तो भाजपा के 303 तथा 18 सांसद हमारे हैं। अब मंदिर के लिए और क्या चाहिए। 2020 में राज्यसभा में भारी बहुमत होगा। इसके बाद राम मंदिर, धारा 370, समान नागरिक संहिता व जनसंख्या नियंत्रण। यह सभी मुद्दे अहम रहेंगे। अब हम लोग मिलकर इन सभी मुद्दों पर काम करेंगे।
राउत ने कहा कि हमको भरोसा है कि अगले लोकसभा चुनाव में राम मंदिर का मुद्दा नहीं रहेगा। पीएम मोदी के इसी कार्यकाल में राम मंदिर बनेगा। अगर किसी कारण भी ऐसा होता है तो फिर लोग हमको माफ नहीं करेंगे। राम मंदिर के लिए कानून बने या ना बने भारी जनादेश है और जनादेश के सामने सबको झुकना पड़ता है। विश्व का कोई भी न्यायालय हो झुकना पड़ता है। उन्होंने कहा कि हमारी इच्छा है कि अयोध्या में नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ की देखरेख तथा उनके नेतृत्व में राम मंदिर बने। हम राम भक्त बन कर उनके साथ बैठेंगे। अगर ऐसा होता है तो उद्धव जी खुद कार सेवा करने आएंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह देश के गृह मंत्री बने हैं। वह तो प्रखर राष्ट्रभक्त हैं। वह तो हिंदुत्ववादी हैं और उनके कई कदम बेहद कठोर होते है। उन्होंने कई बड़े मामलों पर तो काम भी शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि हम अयोध्या में मंदिर पर चर्चा जरूर करते हैं, लेकिन हमारा मकसद श्रेय लेने का नहीं है।