दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़मनोरंजनमहाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

सीएम उद्धव ठाकरे बोले- सुशांत मामले को बिहार और महाराष्ट्र के बीच का झगड़ा न बनाएं…

मुंबई: अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या के मामले में जांच करने मुंबई आई बिहार पुलिस के साथ मुंबई पुलिस के अफसरों की अभद्रता का मामला राजनीतिक रूप ले चुका है। बिहार के अफसरों को मीडिया से बात न करने देने के बाद मुंबई पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं। इस मामले में महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने खुद हस्तक्षेप किया है।

सीएम उद्धव ठाकरे ने सुशांत मामले पर हो रही राजनीतिक बयानबाजी के बीच सफाई देते हुए मुंबई पुलिस का समर्थन किया है। उद्धव ने कहा है, मुंबई पुलिस बेकार नहीं है। अगर किसी के पास सबूत हैं तो उसे हमारे पास पहुंचा सकता है। हम उसके आधार पर आरोपियों से पूछताछ करेंगे और जो भी दोषी होगा उसे सजा भी देंगे। मेरी अपील है कि इस मुकदमे को महाराष्ट्र और बिहार के बीच झगड़े की वजह न बनाया जाए।

जांच के लिए मुंबई पहुंची है बिहार पुलिस
दरअसल, ये पूरा विवाद बिहार पुलिस की उस कार्रवाई के नाम पर शुरू हुआ, जिसके लिए उसने मुंबई पुलिस के अफसरो से मदद मांगी थी। बिहार पुलिस के अधिकारी शुक्रवार शाम को जांच के लिए मुंबई क्राइम ब्रांच के दफ्तर पहुंचे थे।

मीडिया से बात करने पर वैन में बैठा लिया
इस दौरान बिहार पुलिस के अफसरों से जब मीडिया के कुछ लोगों ने बात करने का प्रयास किया तो मुंबई पुलिस के जवानों ने उन्हें पकड़ लिया। मीडिया के तमाम कैमरों के बीच मुंबई पुलिस के अफसर बिहार पुलिस के अधिकारियों को वैन में बैठाकर कहीं लेकर चले गए। इसका वीडियो सामने आया तो बिहार के वरिष्ठ पुलिस अफसरों से लेकर आम लोगों तक ने मुंबई पुलिस के इस रवैये पर सवाल उठाया है?

जांच में दो राज्य के बीच झगड़े का सवाल नहीं
बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने एक समाचार चैनल से बात करते हुए कहा कि सुशांत सिंह राजपूत के पिता ने बिहार में केस दर्ज कराया है। पुलिस का काम है उस पर जांच करना। ये हम लोगों का रोल नहीं है। जिन्होंने केस दर्ज कराया है, यदि वो कहेंगे तो तभी राज्य सरकार आगे कुछ ऐक्शन लेगी। इस जांच में दो राज्य के बीच झगड़े का सवाल नहीं है। हां, अगर सुशांत के पिता की ओर से मांग की जाएगी तो सीबीआई जांच संभव है।

लगता है जांच नहीं, एक होड़ चल रही है: संजय निरुपम
कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने कहा है कि इस मामले में दोनों राज्यों की पुलिस का बर्ताव बेहद भद्दा लग रहा है।
संजय निरुपम ने ट्वीट कर कहा- सुशांत सिंह की मृत्यु की जांच के मुद्दे पर मुंबई की सड़कों पर जिस तरह दो राज्यों की पुलिस बर्ताव कर रही है, वह भद्दा लग रहा है। मुंबई और पटना की पुलिस मानो एक दूसरे को पछाड़ रही हो। पटना पुलिस को आज मुंबई पुलिस ने धकियाकर गाड़ी में बैठा दिया। लगता है जांच नहीं, एक होड़ चल रही है।