ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

सुशांत आत्महत्या मामला: करीबी दोस्त रिया चक्रवर्ती से मुंबई पुलिस ने की पूछताछ

मुंबई: अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले में पुलिस लगातार उनके करीबियों से पूछताछ कर रही है। गुरुवार को उनकी करीबी फ्रेंड और अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को पुलिस ने पूछताछ के लिए बांद्रा पुलिस स्टेशन बुलाया। इसलिए पुलिस को उम्मीद है कि उनसे कई अहम जानकारी सामने आ सकेंगी। इससे पहले बुधवार को पुलिस ने कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा को बांद्रा पुलिस स्टेशन में बुलाया था। यहां उनसे करीब 7 घंटे तक पूछताछ हुई।
मुकेश सुशांत के दोस्त थे। उनके साथ फिल्म की थी। मुकेश से सुशांत की आदतों और उनके ड्रीम क्या थे- इन सबके बारे में बात हुई। मुकेश ने पुलिस को बताया कि सुशांत कभी उनसे निजी बातें शेयर नहीं करते थे। ना कभी इस बात का उन्हें एहसास हुआ कि सुशांत किसी डिप्रेशन में हैं।

सुशांत ने मरने से पहले नौकरों का फाइनल पेमेंट किया था
घर पर काम करने वाले एक कर्मचारी ने पुलिस को बताया है कि सुशांत ने मौत से तीन दिन पहले उनके साथ काम करने वालों की फाइनल पेमेंट कर दी थी। साथ ही उन्होंने अपने कुछ उधार भी क्लियर कर दिए थे। उन्होंने नौकरों से कहा था कि वे अब आगे उन्हें पैसे नहीं दे पाएंगे। यह सुनकर वे थोड़ा निराश भी हुए थे।

पुलिस उपायुक्त अभिषेक त्रिमुखे के मुताबिक, इस मामले में अब तक 10 लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। सुशांत की फ्रेंड रिया चक्रवर्ती को बुधवार को समन दिया गया था। सूत्रों की मानें तो अभी तक की जांच में इंडस्ट्री की गुटबाजी को लेकर सुशांत के किसी करीबी ने कोई बयान नहीं दिया है। वहीं, सुशांत के घर की छानबीन से पता चला है कि उन्हें पढ़ने का बेहद शौक था। खासकर फिजिक्स में ज्यादा दिलचस्पी थी। उनके घरों से 5 डायरी मिली हैं। इसमें वह किताबों में पढ़े गए महत्वपूर्ण कोट को लिखा करते थे।

नगालैंड सरकार को डेढ़ करोड़ की मदद की थी!
सुशांत के घर की छानबीन के दौरान पुलिस को कुछ ऐसे कागजात भी मिले हैं जिससे पता चलता है कि उन्होंने नगालैंड सरकार के मुख्यमंत्री राहत कोष में करीब डेढ़ करोड़ की मदद की थी। नगालैंड सरकार की तरफ से उनको जो थैंक्यू लेटर भेजा गया था, उससे इस बात की पुष्टि होती है कि वह समाजसेवा में भी सक्रिय थे।

महाराष्ट्र के मंत्री और राकांपा नेता जितेंद्र आव्हाड ने सुशांत के सुसाइड की विस्तृत जांच की मांग की है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा- ‘मुझे लगता है कि सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले में एक विस्तृत जांच की जानी चाहिए। हमने एक प्रतिभाशाली अभिनेता को खो दिया है जो पटना से बॉलीवुड में खुद के लिए जगह बनाने के लिए आया था। बॉलीवुड कार्टेल की कहानी डरावनी है और किसी भी नए एक्टर को ऐसी यातनाओं से नहीं गुजरना चाहिए।’

सुशांत की अस्थियां गंगा में विसर्जित
उधर, सुशांत सिंह राजपूत की मुंबई में अंत्येष्टि के बाद गुरुवार को उनकी अस्थियां पटना के गांधी घाट पर गंगा नदी में विसर्जित की गईं। सुशांत सिंह के पिता केके सिंह, उनकी बहन श्वेता सिंह, कीर्ति और परिवार के बेहद करीबी लोग ही इस दौरान उपस्थित रहे। गुरुवार दोपहर एक बजे अस्थियां विसर्जित की गईं। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार सुशांत का श्राद्धकर्म पटना में ही होगा। परिजनों ने बताया कि सुशांत की मां उषा सिंह का दाह संस्कार दीघा के 92 नंबर घाट पर ही हुआ था। इसी कारण सुशांत की अस्थि भी वहीं विसर्जित की गई।