दिल्लीमहाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्यसामाजिक खबरें

25 फरवरी को दिए जाएंगे साहित्य अकादमी पुरस्कार

नयी दिल्ली: साहित्य अकादमी ने 24 फरवरी से साहित्योत्सव आयोजित किया है। साहित्योत्सव के दौरान 25 फरवरी को वर्ष 2019 के लिए घोषित 24 भारतीय भाषाओं के विजेताओं को यहां के कमानी सभागार में आयोजित समारोह में साहित्य अकादमी पुरस्कार प्रदान किए जायेंगे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रुप में देश के जाने-माने कथाकार एवं फिल्म निदेशक गुलजार उपस्थित रहेंगे। पिछले 18 दिसंबर को साहित्य अकादमी की ओर से भारतीय साहित्य में उत्कृष्ट योगदान दे लिए साहित्य अकादमी पुरस्कारों की घोषणा की थी। इनमें महाराष्ट्र की कवयित्री अनुराधा पाटील को उनके मराठी काव्य संग्रह ‘कदाचित अजूनही’ के लिए यह पुरस्कार मिला है। कवयित्रि अनुराधा पाटील पिछले 40 साल से कविता लिख रही है। पाटील के ‘दिगंत’, ‘दिवसेंदिवस’, ‘तरीही’ और ‘वाळूच्या पत्रात मांडलेला खेळ’ आदि कविता संग्रह प्रसिद्ध है।

साहित्य अकादमी पुरस्कार भारत में एक साहित्यिक सम्मान है, जो साहित्य अकादमी प्रतिवर्ष भारत की अपने द्वारा मान्यता प्रदत्त प्रमुख भाषाओं में से प्रत्येक में प्रकाशित सर्वोत्कृष्ट साहित्यिक कृति को पुरस्कार प्रदान करती है। भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल २२ भारतीय भाषाओं के अलावा ये राजस्थानी और अंग्रेज़ी भाषा; यानी कुल २४ भाषाओं में प्रदान किया जाता हैं। पहली बार ये पुरस्कार सन् 1955 में दिए गए। पुरस्कार की स्थापना के समय पुरस्कार राशि पाँच हजार रुपए थी, जो सन् 1983 में ब़ढा कर दस हजार रुपए कर दी गई और सन् 1988 में ब़ढा कर इसे पच्चीस हजार रुपए कर दिया गया। सन् 2001 से यह राशि चालीस हजार रुपए की गई थी। सन् 2003 से यह राशि पचास हजार रुपए कर दी गई है।