ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

72वां गणतंत्र दिवस: महाराष्ट्र के राज्यपाल ने शिवाजी पार्क में, CM ठाकरे वर्षा बंगले पर और पुणे में डिप्टी सीएम अजित पवार ने किया ध्वजारोहण

मुंबई: गणतंत्र दिवस के मौके पर मुंबई के शिवाजी पार्क मैदान में राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने तिरंगा फहराकर राज्य की जनता को संबोधित किया। इस मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे भी यहां मौजूद थे। सीएम ठाकरे ने भी अपने आधिकारिक निवास ‘वर्षा’ बंगले में ध्वजारोहण किया। इस मौके पर उनकी पत्नी रश्मि ठाकरे भी यहां मौजूद थीं। वर्षा बंगले पर सीएम ठाकरे ने पुलिस स्क्वाड की सलामी भी ली। उप-मुख्यमंत्री अजित पवार आज पुणे में हैं और उन्होंने शिवाजी नगर के पुलिस मुख्यालय में झंडा वंदन किया।

स्वागत कक्ष का भी किया गया उद्घाटन
शिवाजी पार्क में हुए समारोह के बाद मुख्यमंत्री द्वारा साइबर पुलिस थाने का उद्घाटन किया गया था। यहीं से सीएम ने ऑनलाइन माध्यम से राज्य के 94 पुलिस स्टेशनों में स्वागत कक्ष का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर गृहमंत्री अनिल देशमुख, मुंबई शहर के पालकमंत्री असलम शेख, पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे, राज्य मंत्री सतेज पाटिल, सांसद अरविंद सावंत, विधायक मंगल प्रभात लोढ़ा और मुंबई पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह उपस्थित थे।

किसानों के लिए राज्यपाल को अपना कार्यकम बदलना चाहिए था
डिप्टी सीएम अजित पवार ने पुणे के शिवाजीनगर पुलिस मुख्यालय पर ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद राज्यपाल द्वारा किसानों से न मिलने के सवाल पर अजित पवार ने कहा, किसानों के लिए अगर राज्यपाल का गोवा जाने का पूर्व नियोजित कार्यक्रम था तो भी उसे बदला जा सकता था। मैं राज्यपाल के बारे में ज्यादा नहीं बोलूंगा।

प्रोटेस्ट करने पर किसान नेता पर दर्ज हुआ केस
किसानों के समर्थन में बिना अनुमति के ट्रैक्टर रैली निकालने के आरोप में पूर्व सांसद और स्वाभिमानी शेतकारी संगठन के अध्यक्ष राजू शेट्टी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इस पर मंगलवार को प्रतिक्रिया देते महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार ने कहा कि अगर आंदोलन के दौरान नियमों का पालन नहीं किया गया, तो पुलिस को उनके खिलाफ आरोप दर्ज करना होगा। चाहे वह सत्तापक्ष के लोग हो या विपक्ष के।

कंगना रनौत का उपद्रवी किसानों पर निशाना
दिल्ली में किसानों का टैक्टर मार्च बेकाबू होता जा रहा है। कई हिस्सों से किसानों और पुलिस कर्मियों के बीच झड़प की तस्वीरें सामने आ रही हैं। आंसू गैस के गोले छोड़ें गए हैं। इस बीच एक्ट्रेस कंगना रनौत ने फिर एक बार किसानों पर निशाना साधा है।
कंगना ने सोशल मीडिया पर लिखा- ये झुंड बनकर रह गए हैं। किसी के घर शादी या कोई अच्छा त्योहार आए तो जलने वाले उसी दौरान कपड़े धोने या बच्चों को आंगन में शौच कराने का काम करते हैं। वही हाल इस इस देश का हो गया जो गणतंत्र दिवस के मौके पर ऐसा कर रहे हैं। शर्म करो। कंगना ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें एक कुछ किसान तलवार से एक पुलिसकर्मी पर हमला करते नज़र आ रहे हैं।
कंगना ने कहा है, मुझसे 6 ब्रांड्स ने कॉन्ट्रैक्ट कैंसल कर दिए और कहा कि मैंने किसानों को आतंकवादी कहा है, इसलिए वो मुझे ब्रांड एम्बेसडर नहीं बना सकते। आज मैं हर एक इंडियन से कहना चाहूंगी जो इन दंगों का समर्थन कर रहे हैं। वह भी एक आतंकवादी हैं जिसमें एंटी नेशनल ब्रांड्स भी शामिल हैं।
उधर, दिल्ली के ITO में पुलिस ने किसानों पर लाठीचार्ज कर दिया तो किसानों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने एक पुलिसकर्मी को घेरकर हाथापाई की। हंगामे को देखते हुए ITO मेट्रो स्टेशन के गेट बंद कर दिए गए हैं। लाल किले पर भी कुछ देर तक किसानों ने कब्जा किया।

पुलिस का दावा- निहंगों ने तलवार से हमले की कोशिश की
इससे पहले गाजीपुर बॉर्डर से निकले किसानों को पुलिस ने नोएडा मोड़ पर रोक दिया और आंसू गैस के गोले छोड़े। किसानों ने भी पुलिस पर पथराव कर दिया और गाड़ियों में तोड़फोड़ की। पुलिस का दावा है कि किसानों ने पांडव नगर पुलिस पिकेट पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की। पुलिस ने यह भी कहा कि निहंगों ने तलवार से पुलिसकर्मियों पर हमले की कोशिश की।