मुंंबई से सटे कल्याण में 47 साल की महिला ने दो साथियों के साथ मिलकर अपने पड़ोसी का प्राइवेट पार्ट काट दिया। शख्स का नाम तुषार भालचंद्र पुजारे (27) है जिस पर आरोप है कि वह पिछले कुछ महीनों में महिला का सेक्स के लिए उत्पीड़न कर रहा था। प्राइवेट पार्ट काटने के बाद महिला ने तुषार को अस्पताल में भर्ती कराकर उसकी जान बचाई और अपना अपराध स्वीकार किया।
तुषार एक मल्टीनैशनल बैंक के लोन विभाग में एक सेल्स एक्जिक्यूटिव के रूप में काम करता है। तुषार की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है। महिला और उसके साथियों को मनपड़ा पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कहा कि महिला और तुषार डोम्बिवली (पूर्व) के नंदिवली के रहने वाले हैं।
पुलिस ने बताया, तुषार एक शादीशुदा महिला के प्यार में था और उसे संबंध बनाने के लिए मजबूर करता था। मना करने के बावजूद वह महिला का पीछा करता था। पुलिस को दिए गए अपने बयान में महिला ने दावा किया कि दो हफ्ते पहले तुषार उसके पति से मिला और बताया कि वह महिला से प्यार करता है और उससे शादी करना चाहता है।
महिला ने कहा कि इससे उसके और पति के बीच विवाद हो गया। पति से लड़ाई होने के बाद महिला को काफी गुस्सा आया और उसने तुषार को सबक सिखाने का फैसला किया। उसने अपराध को अंजाम देने के लिए इलाके के दो युवाओं- तेजस महात्रे और प्रवीण केनिया से संपर्क किया और मदद मांगी। मंगलवार को तेजस और प्रवीण तुषार को लोन लेने के बहाने एक सुनसान जगह पर बुलाया। जब तुषार वहां पहुंचा तो दोनों ने उसके साथ हाथापाई की। महिला उस जगह पर पहले से मौजूद थी, उसने दोनों से तुषार को पकड़ने को कहा और उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया। महिला ने बताया कि वह तुषार की जान बचाना चाहती थी और इसलिए उसे लाइफ केयर अस्पताल लेकर गई जहां उसने अपना अपराध भी कबूल कर लिया। फ़िलहाल पुजारे की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है जिसे मिलाप नगर स्थित AIMS अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है , जहाँ उसका इलाज चालू है।

