महाराष्ट्र में 1 दिन में कोरोना के रेकॉर्ड 7,074 केस, कुल मामले हुए 2 लाख के पार!

मुंबई: महाराष्ट्र में राज्य सरकार की तमाम कोशिशों के बाद भी कोरोना संक्रमण की रफ्तार थम नहीं रही है। पिछले 24 घंटों में राज्य में 7,074 रेकॉर्ड केस सामने आए। साथ ही, 295 कोरोना मरीजों की मौत भी हो गई। अब महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 2 लाख 64 हो गई है। अब तक राज्य में 8,671 लोग कोरोना के चलते अपनी जान गवां चुके हैं।
3 जुलाई को महाराष्ट्र में मरीजों की कुल संख्या 1,92,900 थी। राज्य में एक्टिव मरीजों की संख्या 83,295 है। मुम्बई में भी कुल मरीजों की संख्या 83,237 तक पहुंच गई है जबकि कुल 4,830 मरीज जिंदगी का जंग हार चुके हैं। हालांकि, राज्य में शनिवार को 3,395 मरीज ठीक होकर घर भी लौटे। यानी अब ठीक होनेवाले मरीजों की कुल संख्या 1,08,082 तक पहुंच गई है।
शनिवार तक पूरे राज्य में 10,80,975 लोगों के नमूने में से 2,00,064 (18.51प्रतिशत) लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। फिलहाल पूरे राज्य में तकरीबन 5,96,038 लोगों को होम क्वारंटीन करवाया गया। इसके साथ ही पूरे राज्य में 41,566 लोगों को इंस्टिट्यूशनल क्वारंटीन में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 4 जुलाई को महाराष्ट्र में रिकवरी रेट 54.02 प्रतिशत है। राज्य में मृत्य की दर 4.33 प्रतिशत है।
