भंडारा: भंडारा जिले के तुमसर तहसील स्थित गोबरवाही इलाके में अज्ञात बदमाशों ने घर में सो रहे पति-पत्नी की हत्या कर दी। शुक्रवार सुबह मौके पर पहुंची गोबरवाही पुलिस स्टेशन की टीम ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतकों की पहचान सुशील बोरकर (46) और सरिता बोरकर (42) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात एक कमरे में पति-पत्नी सो रहे थे। उनके दोनों बच्चे बगल के दूसरे कमरे में सो रहे थे। रात में अज्ञात बदमाशों ने पति-पत्नी दोनों की गला रेतकर हत्या कर दी और फरार हो गए। शुक्रवार की सुबह काफी देर तक जब घर का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को शक हुआ। इसके बाद पड़ोसियों ने घर का दरवाजा खोला तो पति-पत्नी मृत पड़े मिले। दोनों के शरीर खून से लथपथ थे। इसके बाद पड़ोसियों ने तुरंत गोबरवाही पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस इस मामले की हर एंगल से छानबीन कर रही है।
