नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र सरकार राज्य के बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी लेकर आई है। सरकार ने महाराष्ट्र में बिजली दर सस्ती करने जा रही है। राज्य में पहली बार ऐसा हो रहा है कि बिजली दरों में इतनी बड़ी कटौती की घोषणा की गई है। पहले साल में 10 फीसदी और 5 साल में 26 फीसदी तक बिजली के दाम घटेंगे। इसके लिए ‘मुख्यमंत्री सौर कृषि वाहिनी योजना 2.0’ का काम युद्धस्तर पर शुरू हो गया है।
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने खुद ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- बिजली उपभोक्ताओं के लिए खुशखबरी है। राज्य के इतिहास में पहली बार बिजली की दरों में पहले साल में 10 प्रतिशत और 5 साल में 26 प्रतिशत की कटौती की जाएगी। उन्होंने कहा, महावितरण की याचिका पर यह फैसला देने के लिए हम महाराष्ट्र राज्य विद्युत विनियामक आयोग (MERC) के आभारी हैं।
70% लोगों को 100 यूनिट से कम खपत
आमतौर पर हर साल बिजली दरों में 10 फीसदी की बढ़ोतरी की याचिकाएं दाखिल होती थीं। परन्तु महाराष्ट्र के इतिहास में पहली बार महावितरण ने बिजली दरों को कम करने के लिए याचिका दायर की, जिस पर एमईआरसी ने यह फैसला सुनाया है। इस फैसले से घरेलू उपभोक्ता, औद्योगिक उपभोक्ता और वाणिज्यिक उपभोक्ता तीनों श्रेणियों के उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। सीएम फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र में 70 फीसदी लोग हर महीने 100 यूनिट से कम बिजली का उपभोग करते हैं।
मुख्यमंत्री सौर कृषि वाहिनी योजना 2.0 का उद्देश्य लगभग 7000 मेगावॉट क्षमता वाली सौर परियोजनाएं 2025 तक स्थापित करना और कुल फीडर सौराइजेशन में 30% का लक्ष्य हासिल करना है। सीएम ने ये भी बताया कि भविष्य में बिजली खरीद समझौतों में एक बदलाव से बिजली खरीदने की लागत कम हो जाएगी। इसके साथ ही, आने वाले समय में बिजली खरीद समझौतों में ग्रीन एनर्जी पर जोर देने के कारण, बिजली खरीदने की लागत में बचत होगी।
