varanasi 15august 2025 news
नेटवर्क महानगर/वाराणसी
79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर यातायात पुलिस लाइन, कमिश्नरेट वाराणसी में अपर पुलिस आयुक्त, कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय, शिवहरी मीना द्वारा ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में देशभक्ति का उत्साह और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश प्रमुख रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय ध्वज फहराने और सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर शिवहरी मीना ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और त्याग को याद करने का अवसर है। उन्होंने सभी को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जनता की सेवा में समर्पित रहने और अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प दिलाया।
अपर पुलिस आयुक्त ने पुलिस बल को जनसंपर्क, सुरक्षा-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में अधिक दक्षता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के लिए दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक सशक्त, सुरक्षित और प्रगतिशील राष्ट्र के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस मौके पर पुलिस विभाग के अधिकारी, विभिन्न शाखाओं के कर्मचारी और यातायात पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मिठाईयां बांटकर आपसी सौहार्द और देशभक्ति की भावना का सन्देश संदेश दिया गया।
