नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार (14 अगस्त) को ऐलान किया कि अब मुंबई के विकास पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री फडणवीस ने ट्रैफिक की समस्याओं को दूर करने के लिए कई प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया। इस दौरान सीएम फडणवीस ने कहा कि साल 2018 में मुंबई के एक पॉइंट से दूसरे तक जाने के लिए 59 मिनट में यात्रा करने का सपना निश्चित रूप से पूरा हो सकता। इसके लिए मजबूत बुनियादी ढांचे और सार्वजनिक परिवहन की जरूरत है। विकास पर अब कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
मुंबई को जल्द मिलेगी AC लोकल ट्रेन
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि जो काम हम अभी कर रहे हैं, वह कल ही हो जाना चाहिए था। हम कुछ चूक जरूर गए लेकिन हम स्पीड पकड़ रहे हैं। हम यह गति धीमी नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि शहर को जल्द ही बंद दरवाजों वाली एसी लोकल ट्रेनें मिलेंगी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जल्द ही इस संबंध में घोषणा करेंगे।
कोस्टल रोड पर स्टंट करने से सीएम ने किया मना
मुख्यमंत्री फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री अजित पवार और एकनाथ शिंदे के साथ कोस्टल रोड पर सैर और साइकिलिंग के लिए ट्रैक का उद्घाटन किया और कहा कि तटीय सड़क शुक्रवार से 24×7 खुली रहेगी। इस सड़क पर सीएम फडणवीस ने युवाओं को अपने ड्राइविंग कौशल का प्रदर्शन न करने की चेतावनी दी।
सीएम फडणवीस ने बताया कि सड़क पर सीसीटीवी लगे हैं और नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने साउथ एशिया के पहले घुमावदार केबल-स्टेड ब्रिज का भी उद्घाटन किया, जो ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे को वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे से जोड़ता है। साथ ही, पूर्वी उपनगरों को पश्चिमी उपनगरों में विलेपार्ले से जोड़ता है।
हर साल 50km मेट्रो रूट प्लान करना चाहिए
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि यह ब्रिज बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स के व्यापारिक जिले में भीड़भाड़ कम करने के लिए बनाई गई छह निकास परियोजनाओं में से एक है। साल 2015-16 में यह निर्णय लिया गया था कि बीकेसी में छह निकास परियोजनाएं होंगी, जिनमें से पांच पूरी हो चुकी हैं। छठी परियोजना इस साल के अंत तक पूरी हो जाएगी। मुंबई महानगर क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण (MMRDA) को हर साल 50 किलोमीटर मेट्रो मार्ग चालू करना चाहिए।
