Chowk police station in Varanasi News
नेटवर्क महानगर/वाराणसी
महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल के तहत ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान के अंतर्गत सोमवार, 29 सितम्बर को वाराणसी के थाना चौक में अनूठा नज़ारा देखने को मिला। यहां तीन छात्राओं ने थानाध्यक्ष और दिवसाधिकारी का पदभार संभालकर एक दिन के लिए पुलिस व्यवस्था का संचालन किया।
थाना चौक में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में जान्हवी मिश्रा ने थानाध्यक्ष का पदभार संभाला, जबकि आस्था गुप्ता और संस्कृति गुप्ता दिवसाधिकारी बनीं। थाने में प्रवेश करते ही थानाध्यक्ष दिलीप कुमार मिश्रा ने पुष्पगुच्छ देकर उनका औपचारिक स्वागत किया। साथ ही तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सैल्यूट कर उनका सम्मान किया।
छात्राओं ने सबसे पहले थाना परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना कार्यालय के विभिन्न डेस्कों का अवलोकन किया और जाना कि किस प्रकार शिकायत पत्रों की जांच, जनसुनवाई और तकनीकी विश्लेषण कर आवश्यक कार्रवाई की जाती है। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उन्हें कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया।
थानाध्यक्ष दिलीप कुमार मिश्रा ने छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि इस पहल का उद्देश्य बच्चियों को नेतृत्व, जिम्मेदारी और कार्यप्रणाली का अनुभव कराना है। इससे उनमें आत्मविश्वास का संचार होगा और समाज में उनकी भूमिका और अधिक सशक्त रूप से स्थापित होगी। उन्होंने कहा कि छात्राओं ने पूरे उत्साह और गंभीरता के साथ अपने दायित्व का निर्वहन किया। यह अनुभव न केवल उनके लिए अविस्मरणीय साबित हुआ बल्कि अन्य छात्राओं और युवाओं के लिए भी प्रेरणादायी संदेश लेकर आया।
काशी जोन के पुलिस उपायुक्त के मुताबिक, इस कार्यक्रम को महिला सशक्तिकरण और साइबर सुरक्षा जागरूकता को मजबूत करने की दिशा में एक अभिनव प्रयास माना जा रहा है। ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान के तहत ऐसे आयोजन समाज में महिलाओं की भागीदारी और जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए लगातार किए जा रहे हैं।
