Bombay High Court lawyer News
नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई में बॉडी मसाज के जरिए न्यूड वीडियो क्लिप बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। बोरीवली पुलिस ने हाईकोर्ट के एक वकील की शिकायत पर दो आरोपियों को अरेस्ट किया है। आरोप है कि दोनों ही मसाज के वक्त पर ग्राहक का वीडियो बना लेते थे, बाद में वे ब्लैकमेल करके रुपये ऐंठते थे। इन दोनों शातिरों ने बॉम्बे हाईकोर्ट के वकील का भी न्यूज वीडियो बना लिया था।
आपत्तिजनक स्थिति में बनाया न्यूड वीडियो!
बोरीवली पुलिस के मुताबिक, हाईकोर्ट के एक वकील को ब्लैकमेल करने और उनसे पैसे वसूलने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने पीड़ित का आपत्तिजनक हालत में वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी थी। आरोपियों की पहचान समीर अली हनीफ खान (21) और भूपेंद्र भगवान सिंह (25) के रूप में हुई है, जबकि उसका तीसरा साथी मनविंदर उर्फ (मुन्ना) अभी फरार है। पुलिस ने समीर को खेरवाड़ी और भूपेंद्र को अंधेरी से पकड़ा है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना 7 से 22 सितंबर के बीच हुई।
वकील को भारी पड़ा मसाज का शौक
बताया गया कि बोरीवली पश्चिम निवासी शिकायतकर्ता वकील ने बॉडी मसाज सर्विस की तलाश की। इसके बाद वकील का संपर्क समीर से हुआ। शुरुआती दो मुलाकातों के बाद तीसरी बार समीर के साथ भूपेंद्र और मनविंदर भी आए। मसाज के दौरान भूपेंद्र ने मोबाइल से चोरी-छिपे वकील का आपत्तिजनक हालत में वीडियो बना लिया। वीडियो बनाने के बाद तीनों ने वकील को इसे वायरल करने की धमकी दी और 50 हजार रुपये की मांग की। जब वकील ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनकी पिटाई भी की। बदनामी और हिंसा के डर से पीड़ित वकील ने समीर अली के गूगल पे (G Pay) अकाउंट पर तुरंत 50 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए थे।
आरोपियों ने दूसरी बार मांगा 6 लाख रुपये!
कुछ दिन बाद आरोपियों ने फिर से वकील को फोन किया और इस बार 6 लाख रुपए की मांग की, लेकिन वकील ने देने से मना कर दिया। इसके बाद ये आरोपी वकील को लगातार धमकी भरे फोन करने लगे। आरोपियों के फोन से परेशान होकर वकील ने 23 सितंबर को बोरीवली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मधुसूदन नाईक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने समीर और भूपेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
पार्ट टाइम में करते थे मसाज का काम
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी मुंबई के अमीर इलाकों में बुजुर्गों की देखभाल (केयरटेकर) का काम करते थे और मसाज उनका पार्ट-टाइम बिजनेस था। पुलिस ने उनके मोबाइल फोन जब्त कर लिए, जिनमें कई अन्य लोगों के भी आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि इन दोनों ने इसी तरह ब्लैकमेल कर कई लोगों से पैसे वसूले हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई और भी इन आरोपियों का शिकार हुआ है तो वह आगे आकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराए।
