नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल X से किए गए एक विवादास्पद पोस्ट को लेकर सोमवार को मरीन लाइंस पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता एडवोकेट अनिकेत निकम ने यह शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें कांग्रेस पर दंगे भड़काने की कोशिश और सार्वजनिक शांति भंग करने का गंभीर आरोप लगाया गया है।
क्या था विवादित पोस्ट?
मामला रविवार, 28 सितंबर को प्रदेश कांग्रेस के आधिकारिक X हैंडल से किए गए एक पोस्ट से जुड़ा है। इस पोस्ट में लिखा गया था- भाजपा ने जनता का अंत नहीं देखना चाहिए। नहीं तो, लेह में Gen Z ने भाजपा कार्यालय में आग लगाई, वैसी ही स्थिति पूरे देश में बनेगी। महाराष्ट्र कांग्रेस ने भाजपा पर यह कटाक्ष 24 सितंबर को लेह में राज्य का दर्जा और लद्दाख को छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर हुए विरोध-प्रदर्शन के बाद किया, जो पुलिस के साथ झड़प में बदल गया।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि यह पोस्ट न केवल भ्रामक है, बल्कि हिंसा को बढ़ावा दे रहा है और समाज में तनाव फैलाने का प्रयास है। पोस्ट में लेह में हुई हिंसक घटना, जिसमें भाजपा कार्यालय जलाया गया था और चार लोगों की जान गई थी का हवाला देकर देशभर में वैसी ही स्थिति बनने की धमकी दी गई थी। हलांकि, पुलिस ने लेह में प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी की, जिसमें चार लोग हताहत हुए। पुलिस ने कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को गिरफ्तार कर लिया, जो मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर थे। उन पर हिंसा की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है।
BNS की धारा 192 के तहत शिकायत
एडवोकेट अनिकेत निकम ने पुलिस आयुक्त के पास भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 192 के तहत शिकायत दर्ज कराई है। यह धारा मुख्य रूप से दंगा करने या दंगे को उकसाने से संबंधित है। एडवोकेट निकम ने पहले भी यह पोस्ट हटाने की चेतावनी दी थी, लेकिन पोस्ट नहीं हटाए जाने पर उन्होंने कानूनी कार्रवाई की।
भाजपा की ओर से यह मामला राज्य सोशल मीडिया समन्वयक प्रकाश गाडे की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। शिकायत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा से जुड़े संगठनों के खिलाफ झूठा प्रचार करने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत दर्ज कराते समय भाजपा महाराष्ट्र सोशल मीडिया प्रमुख प्रकाश गाडे, भाजपा मुंबई सचिव महेश पारकर, उत्तर मध्य मुंबई जिला अध्यक्ष वीरेंद्र म्हात्रे और अन्य नेता उपस्थित थे।
कांग्रेस की धमकी निंदनीय
एडवोकेट अनिकेत निकम ने कांग्रेस के इस कदम को अत्यंत निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र कांग्रेस की यह पोस्ट सार्वजनिक शांति और सामाजिक सौहार्द के लिए गंभीर खतरा है। लेह की घटना का हवाला देकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और महाराष्ट्र कांग्रेस देशभर में हिंसा की धमकी और उसे बढ़ावा दे रहे हैं, जो कि बेहद निंदनीय है।
