Mumbai Crime News
नेटवर्क महानगर/मुंबई
सांताक्रूज़ (पूर्व) के कालिना इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शनिवार, (18 अक्टूबर) की रात घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपनी 14 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी और पत्नी पर जानलेवा हमला बोला।
पुलिस के मुताबिक, घटना शिवनगर चॉल, पुरानी सीएसटी रोड के पास हुई। आरोपी मोहम्मद सुलेमान कुजरा ने गुस्से में आकर बेटी और पत्नी पर वार किया। जिसमें बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी नसीमा सुलेमान कुजरा अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती हैं, जहां उसका इलाज चल रहा है। आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया था। इस पूरे मामले में वकोला पुलिस ने मामला दर्ज किया कर लिया है। साथ ही क्राइम ब्रांच की टीम ने भी जांच शुरू की।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
पारिवारिक विवाद के दौरान 14 वर्षीय बेटी की हत्या और पत्नी पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने पकड़ लिया है। आरोपी मोहम्मद सुलेमान रज्जाक कुजरा (38) ने वारदात के बाद फरार होकर छिपने की कोशिश की थी। पुलिस ने तकनीकी जांच और मिली गुप्त सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार कर, भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 109(1), 352 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने क्या बताया?
मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच की यूनिट 8 के सीनियर पीआई लक्ष्मीकांत साळुंखे के नेतृत्व में यूनिट 9 और 10 के अधिकारियों की टीम गठित की गई और क्योंकि आरोपी ने अपने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बंद कर दिए थे इसलिए उसके गांव का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया गया और आगे की जांच के लिए वाकोला पुलिस को सौंप दिया गया।
यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना के बाद लोग ये कहते फिर रहे हैं आखिर एक पिता अपनी ही बेटी की हत्या कैसे कर सकता है? अब ये सवाल भी उठ रहा है कि आखिर वो कौन सी वजहें होंगी, जिसके लिए शख्स अपने ही परिवार के खून का प्यासा हो गया।
