Devendra Fadnavis
नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने राज्य की राजनीति में उनकी भूमिका को लेकर बुधवार को एक बयान जारी किया है। फडणवीस ने अपने आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये साफ कर दिया है कि वह 2029 तक अपने वर्तमान पद पर बने रहेंगे और सत्तारूढ़ गठबंधन के घटकों जिसमें भाजपा, एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना और अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शामिल है उसमें कोई बदलाव नहीं होगा। फडणवीस ने इसके अलावा भी कई अन्य मुद्दों पर बात की।
दिल्ली की राजनीति पर क्या बोले सीएम फडणवीस?
देवेंद्र फडणवीस से राष्ट्रीय राजनीति में उनकी भूमिका पर सवाल किया गया। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि जहां तक मैं अपनी पार्टी को जानता हूं.दिल्ली अभी बहुत दूर है। मैं 2029 तक महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बना रहूंगा। फडणवीस ने महाराष्ट्र की राजनीति को लेकर भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा, न तो कोई नया साझेदार बनेगा और न ही साझेदारों की अदला-बदली होगी।
2024 के विधानसभा चुनावों के बाद राजनीतिक स्थिरता को देखते हुए, मुझे विश्वास है कि (नेताओं के बीच) सौहार्द्र वापस आएगा। इससे पहले, 2019 के विधानसभा चुनावों के बाद राजनीतिक अस्थिरता के कारण, राजनीतिक नेताओं के बीच दुश्मनी जैसी स्थिति थी। मेरे 99 प्रतिशत राजनीतिक नेताओं के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध हैं।
स्थानीय निकाय चुनाव पर क्या बोले फडणवीस?
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक, महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनाव 31 जनवरी, 2026 तक पूरे होने हैं। ऐसी अटकलें हैं कि इस चुनाव में शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे एक साथ आ सकते हैं। इन अटकलों पर सीएम फडणवीस ने कहा कि अगर राज ठाकरे कहते हैं कि मैं मराठी के मुद्दे पर दोनों भाइयों को करीब लाया, तो मैं इसे एक प्रशंसा के रूप में लेता हूं। पहले, दलों को तोड़ने के लिए मेरी आलोचना की जाती थी। कोई तीसरा व्यक्ति किसी राजनीतिक दल को नहीं तोड़ सकता। केवल महत्वाकांक्षाएं और अन्याय ही पार्टियों को तोड़ सकते हैं।
फडणवीस ने उम्मीद जताई है कि स्थानीय निकाय चुनाव के बाद भी ठाकरे भाई साथ बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि ‘ठाकरे ब्रांड’ का अभिप्राय केवल शिवसेना संस्थापक दिवंगत बालासाहेब ठाकरे हैं और कोई नहीं है।
बिहार चुनाव पर भी क्या बोले फडणवीस?
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने देवेंद्र फडणवीस को स्टार प्रचारक बनाया है। बिहार चुनाव को लेकर फडणवीस ने कहा है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ कोई सत्ता विरोधी लहर नहीं है और चुनाव में एनडीए (NDA) के लिए माहौल अच्छा दिख रहा है।
