Raj Thackeray
नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र में नगर परिषद व पंचायत चुनावों के तुरंत बाद मुंबई महानगरपालिका चुनाव होने की संभावना जताई जा रही है। जिसे लेकर सभी राजनीतिक दलों में घमासान मचा हुआ है। इस बीच महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने रविवार को मुंबई में आयोजित ‘कोंकण महोत्सव’ में चुनाव आयोग (ECI) और देवेंद्र फडणवीस सरकार पर जमकर हमला बोला है।
‘कोंकण महोत्सव’ उद्घाटन के मौके पर राज ठाकरे पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अगर मराठी लोग सावधान नहीं रहे तो आने वाले मुंबई सिविक बॉडी चुनाव उनके लिए आखिरी चुनाव साबित हो सकते हैं। मनसे प्रमुख ने साफ शब्दों में कहा कि अपनी सावधानी कम मत करो, नहीं तो नुकसान पक्का है। अगर आप सावधान नहीं रहे तो आने वाले ‘बीएमसी चुनाव’ मराठी लोगों के लिए आखिरी चुनाव होंगे और इसके नतीजे बेकाबू होंगे।
इस दौरान राज ठाकरे ने कहा कि ‘राज’ दुशमनों की है, बेपरवाह मत होइए। जिस तरह से राजनीति चल रही है अपने आसपास नजर रखिए। मतदाता सूची में क्या चल रहा है, इस पर नजर रखिए। मतदाता असली हैं या नकली? आपको इस पर भी ध्यान देने की जरूरत है। मराठी लोगों के लिए यह आगामी मुंबई महानगरपालिका चुनाव आखिरी चुनाव होगा। अगर हम बेपरवाह रहे, तो महानगरपालिका हमारे हाथ से निकल जाएगी। इसलिए बेपरवाह मत होइए, मुझे बस इतना कहना है, अगर मुंबई हमारे हाथ से निकल गई, तो ये लोग हंगामा मचा देंगे। ठाकरे ने चुनाव से जुड़े अन्य कई मुद्दों पर अपनी बातें रखीं। उन्होंने ‘मतदाता सूची’ में गड़बड़ी का मुद्दा भी उठाया और हाल ही में वह विपक्ष द्वारा मुंबई के आजाद मैदान में ‘सत्याचा मोर्चा’ में भी शामिल हुए थे। ये मार्च विपक्ष की ओर से मतदाता सूची में धांधली के विरोध में निकाला गया था।
मनसे और शिवसेना (यूबीटी) में गठबंधन की संभावना
वहीं, सूत्रों की मानें तो मुंबई महानगरपालिका चुनाव में मनसे और शिवसेना (यूबीटी) के बीच गठबंधन की संभावना जताई जा रही है। चुनाव की पृष्ठभूमि में दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर भी बातचीत चल रही है। हालांकि, दूसरी ओर कांग्रेस ने मनसे के साथ गठबंधन करने से इनकार कर दिया है। जिससे महाविकास अघाड़ी (MVA) में बड़ी समस्या पैदा होने की संभावना है। हालांकि, एनसीपी (एसपी) के मुखिया शरद पवार, मनसे के साथ गठबंधन को लेकर सकारात्मक हैं।
बीएमसी चुनाव अकेले लड़ेगी कांग्रेस?
इस बीच कांग्रेस ने मुंबई महानगरपालिका चुनाव अकेले लड़ने का फैसला लिया है। कांग्रेस के इस फैसले से शिवसेना (यूबीटी) खेमे में खलबली मचा दी है। उद्धव ठाकरे ने कांग्रेस आलाकमान से इस फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया है। हालांकि, महाराष्ट्र कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ने के फैसले पर अडिग है। इसके पीछे का कारण मनसे का बताया जा रहा है। दरअसल, उद्धव ठाकरे बीएमसी चुनाव में मनसे से गठबंधन करने वाले हैं। इसके बाद ही कांग्रेस ने अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
बता दें कि महाराष्ट्र राज्य निर्वाचन आयोग ने 4 नवंबर 2025 को घोषणा की कि 246 नगर परिषदों और 42 नगर पंचायतों के लिए निकाय चुनाव 2 दिसंबर 2025 को होंगे और वोटों की गिनती 3 दिसंबर 2025 को होगी। कुल 6,859 सदस्यों का चुनाव होगा, जिसमें महिलाओं के लिए 3,492 सीटें आरक्षित हैं।
