नेटवर्क महानगर/कल्याण
ठाणे जिले के कल्याण में एक महिला एसी लोकल में फर्जी पास के साथ सफर करती हुई पकड़ी गई है। इसके बाद पुलिस ने नकली एसी लोकल पास बनाने के आरोप में पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने मॉडर्न टेक्नोलॉजी का गलत इस्तेमाल करके रेलवे पास बनाने की कोशिश की। यह कोशिश एक पढ़े-लिखे कपल को महंगी पड़ गई। अंबरनाथ के एक पति-पत्नी, जो टेक्नोलॉजी की मदद से नकली एसी लोकल पास बनाकर यात्रा कर रहे थे, उन्हें कल्याण रेलवे पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
यह घटना कल्याण स्टेशन पर एक एसी लोकल के इंस्पेक्शन के दौरान सामने आई। जब विशाल नवले नाम के टीसी ने टिकट इंस्पेक्शन के दौरान एक महिला पैसेंजर से अपना पास दिखाने को कहा। उसने रेलवे के यूटीएस ऐप की स्क्रीन दिखाई, लेकिन पास संदिग्ध लगने पर टीसी ने तुरंत रेलवे हेल्पलाइन पर कॉल किया और पास को वेरिफाई करवाया तभी जांच के दौरान एक चौंकाने वाली बात सामने आई। उक्त पास ओम शर्मा नाम के एक व्यक्ति का था। यह जनवरी में जारी किया गया था और फरवरी में एक्सपायर हो गया था। टीसी का शक तब और गहरा गया, जब महिला ने अपना नाम गुड़िया शर्मा बताया। उसे डोंबिवली स्टेशन पर उतारा गया और आरपीएफ ऑफिस में उससे पूछताछ की गई। फिर सच सामने आया कि उसके पति ने टेक्नोलॉजी की मदद से अपना एसी लोकल पास एडिट किया था और उस पर अपनी पत्नी का नाम और डिटेल्स डालकर नकली पास बनाने की बात स्वीकार कर ली। दोनों के खिलाफ रेलवे पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है और पुलिस आगे की जांच कर रही है।
