नेटवर्क महानगर/मुंबई
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां नवी मुंबई के कलंबोली में एक कलयुगी मां ने अपनी छह साल की मासूम बेटी की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी कि बच्ची हिंदी में बात करती थी और उसकी मां उसे मराठी में बात करने के लिए डांटती थी। हत्या वाले दिन भी जब बेटी ने हिंदी में बात की तो गुस्से में तमतमाई मां ने उसे मौत के घाट उतार दिया! मां की इस क्रूरता से हर कोई दंग है।
आरोपी मां की पहचान सुप्रिया प्रमोद म्हामुणकर के रूप में हुई है, जो बेटी के जन्म के बाद से ही उसे पसंद नहीं करती थी। इसकी वजह ये थी कि वह बेटी नहीं बल्कि बेटा चाहती थी, लेकिन जब उसे बेटी पैदा हुई तो वह तनाव में रहने लगी और बच्ची से नफ़रत करती थी। घटना के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने शुक्रवार को सुप्रिया को पनवेल कोर्ट में पेश किया, जहां उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, सुप्रिया की बेटी हिंदी में बात करती थी और ये बात उसे पसंद नहीं थी। हिंदी बोलने पर सुप्रिया बेटी को डांटती रहती थी। बेटी की हत्या करने के बाद उसने पहले पुलिस गुमराह करते हुए बताया कि बेटी की बीमारी से मौत हो गई। ऐसे में शुरुआत में बच्ची की मौत को नॉर्मल समझा गया, लेकिन फिर पनवेल उप-जिला अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों को बच्ची की मौत को लेकर शक हुआ। तभी उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद पोस्टमॉर्टम में खुलासा हुआ कि बच्ची की मौत गला दबाए जाने से हुई है। जब पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपनी बेटी की हत्या करने की बात कबूल कर ली। पूछताछ में महिला ने पुलिस को यह भी बताया कि वह एक बेटे की चाह रखती थी, लेकिन उसका पति दूसरा बच्चा नहीं चाहता था। इसी बात से वह टेंशन में रहती थी और उसने ये ख़ौफ़नाक कदम उठाया।
सुप्रिया के पति प्रमोद ने पुलिस को एक और चौंकाने वाली जानकारी देते हुए बताया कि यह पहली बार नहीं था। इससे पहले भी सुप्रिया ने बच्ची की जान लेने की कोशिश की थी। मई महीने में जब परिवार पाली रायगढ़ में रह रहा था और बच्ची महज एक महीने की थी, तब भी सुप्रिया ने उसे गला दबाकर मारने की कोशिश की थी। उस समय बच्ची की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई, जिसे देखकर सुप्रिया घबरा गई थी। इसके बाद वह बच्ची को तुरंत पास के एक स्थानीय डॉक्टर के पास ले गई, जहां समय रहते इलाज मिलने से उसकी जान बच गई थी। वहीं, पुलिस का कहना है कि अब इस पूरे मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
