राजेश जायसवाल/मुंबई
बृहन्मुंबई महानगरपालिका चुनाव 2026 के लिए शुक्रवार, (2 जनवरी 2026) को नाम वापस लेने की अंतिम तारीख थी। जिसमें कुल 453 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र वापस ले लिए। इसके बाद अब बीएमसी चुनाव के लिए मैदान में कुल 1,729 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमाएंगे। इसी बीच नामांकन के दौरान एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला भी सामने आया। यहां सायन-कोलीवाड़ा के प्रतीक्षा नगर वार्ड क्र.173 में भाजपा के एक पदाधिकारी पर टिकट न दिए जाने पर ‘एबी फॉर्म’ चोरी करने का गंभीर आरोप लगा है।

पूरा मामला तब शुरू हुआ जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुरुआती तौर पर शिल्पा दत्ताराम केळुसकर को वार्ड क्र.173 से पार्टी का आधिकारिक उम्मीदवार घोषित करते हुए ‘एबी फॉर्म’ थमाया था। हालांकि, बाद में पार्टी ने अपनी रणनीति बदलते हुए उनसे ‘एबी फॉर्म’ वापस ले लिया था। तभी पता चला कि शिल्पा दत्ताराम केळुसकर ने चोरी-चोरी अपने आवेदन के साथ भाजपा का ‘एबी फॉर्म’ संलग्न किया, जिसे चुनाव निर्णय अधिकारी ने प्राथमिक तौर पर स्वीकार भी कर लिया। इस बारे में मुंबई भाजपा के अध्यक्ष अमित साटम ने (31 दिसंबर) को संबंधित चुनाव अधिकारी को पत्र लिखकर शिल्पा दत्ताराम केळुसकर का नामांकन तत्काल रद्द करने की शिकायत दर्ज करवाई थी। फिर टिकट कटने से नाराज शिल्पा दत्ताराम केळुसकर ने बगावती तेवर अपनाते हुए निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल कर दिया।
अब सबसे हैरान करने वाली बात जो सामने आई है वो ये है कि दादर स्थित मुंबई भाजपा कार्यालय से एक महत्वपूर्ण दस्तावेज ‘एबी फॉर्म’ चोरी होने का मामला सामने आया है। इस मामले में भाजपा कार्यालय के सेक्रेटरी दिनेश बाबुराव जगताप ने सायन पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
जगताप के अनुसार, नगरसेवक पद की उम्मीदवार शिल्पा दत्ताराम केळुसकर को 29 दिसंबर 2025 को भाजपा की ओर से ‘एबी फॉर्म’ दिया गया था, लेकिन बाद में इसे वापस लेने का निर्णय लिया गया। कारण ये सीट शिवसेना के खाते में चली गई और इस सीट से शिवसेना ने पूजा रामदास कांबले को महायुति का अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया गया।
दिनेश जगताप ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया है कि जब दत्ताराम केळुसकर से कार्यालय में बुलाकर ‘एबी फॉर्म वापस लिया गया तो इसे केंद्रीय कैबिन में टेबल के ड्रॉवर में सुरक्षित रख दिया गया था। परन्तु (31 दिसंबर 2025) को पता चला कि शिल्पा दत्ताराम केळुसकर ने तो भाजपा उम्मीदवार के तौर पर ‘एबी फॉर्म’ चुनाव निर्णय अधिकारी के पास जमा कर दिया है। ऐसी जानकारी मिलने पर जब जगताप ने टेबल के ड्रॉवर में ‘एबी फॉर्म’ ढूंढा तो वो नहीं मिला। जगताप का आरोप है कि दत्ताराम केळुसकर ने उनकी नजर बचाकर धोखे से उसी वक्त ड्रॉवर से ‘एबी फॉर्म’ चोरी कर लिया था। इस मामले में दिनेश जगताप ने शनिवार, (3 जनवरी 2026) को शिल्पा दत्ताराम केळुसकर के खिलाफ सायन पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएनएस की धारा 2023, कलम 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। हालांकि, शिल्पा दत्ताराम केळुसकर चुनावी मैदान में डटीं हुईं हैं। इस बारे में बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि इलेक्शन कमीशन में पहले ही शिकायत दर्ज करा दी गई है और आगे की कार्रवाई की जाएगी। लेकिन इस घटना ने मुंबई भाजपा के भीतर चल रही खींचतान और चुनावी पारदर्शिता पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं।
