नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई कस्टम्स जोन-3 ने नशे के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान करीब 1079 करोड़ रुपये कीमत की NDPS ड्रग्स को नष्ट कर दिया है। कस्टम्स विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, इस पूरी कार्रवाई के तहत कुल 1010.842 किलोग्राम नशीले पदार्थों का कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए सुरक्षित तरीके से निपटारा किया गया। इस कार्रवाई को अंजाम देने में CSMI एयरपोर्ट कमिश्नरेट, मुंबई कस्टम्स जोन-3 की अहम भूमिका रही।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, नष्ट किए गए इन नशीले पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1079 करोड़ रुपये आंकी गई है, जो इस ऑपरेशन की गंभीरता और पैमाने को दर्शाती है। कस्टम्स अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान की आखिरी खेप 27 मार्च 2026 को नष्ट की गई, जिसमें 376.552 किलोग्राम ड्रग्स शामिल थीं। इस पूरी प्रक्रिया को पर्यावरणीय मानकों और कानूनी दिशानिर्देशों के तहत बेहद सावधानी के साथ पूरा किया गया, ताकि किसी भी तरह का दुष्प्रभाव न हो।
समाज को ड्रग-फ्री बनाने की दिशा में उठाया कदम
विभाग का कहना है कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य जब्त किए गए नशीले पदार्थों को दोबारा अवैध बाजार में पहुंचने से रोकना है। साथ ही, यह कदम भारत सरकार के ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत एक ड्रग-फ्री समाज बनाने की दिशा में उनकी प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। फिलहाल, मुंबई कस्टम्स की यह सख्त कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क के लिए एक कड़ा संदेश मानी जा रही है। 1079 करोड़ रुपये की ड्रग्स को नष्ट कर विभाग ने साफ कर दिया है कि नशे के खिलाफ उनकी कार्रवाई लगातार और और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगी।
एयरपोर्ट पर ड्रग्स की तस्करी की कोशिशों को रोका
इससे पहले भी एक बड़े ऑपरेशन में, मुंबई कस्टम्स जोन-III की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) के अधिकारियों ने छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ड्रग्स की तस्करी की कई कोशिशों को रोका था। एडवांस पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम (APIS) और स्पॉट प्रोफाइलिंग के जरिए जुटाई गई खुफिया जानकारी के आधार पर एआईयू अधिकारियों ने बैंकॉक से आए चार यात्रियों को चिन्हित कर रोका। अधिकारियों की सतर्कता और समय पर की गई कार्रवाई के चलते 17 मार्च 2026 को हाइड्रोपोनिक वीड की तस्करी से जुड़े चार अलग-अलग मामलों का खुलासा हुआ। अच्छी तरह जांच करने पर लगभग 64.394 किलो प्रतिबंधित पदार्थ बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित गैर-कानूनी मार्केट वैल्यू 64.394 करोड़ रुपये थी।
